भारत में सभी को समान अधिकार, 'आई लव मोहम्मद' जैसे अभियान देश को बांटने की साजिश किरेन रिजिजू

भारत में सभी को समान अधिकार, आई लव मोहम्मद जैसे अभियान देश को बांटने की साजिश  किरेन रिजिजू
केंद्रीय संसदीय कार्य और अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री किरेन रिजिजू ने 'आई लव मोहम्मद' अभियान को लेकर बड़ा बयान दिया है।

नई दिल्ली, 6 अक्टूबर (आईएएनएस)। केंद्रीय संसदीय कार्य और अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री किरेन रिजिजू ने 'आई लव मोहम्मद' अभियान को लेकर बड़ा बयान दिया है।

उन्होंने कहा कि ऐसे अभियान देश में विभाजन और अराजकता फैलाने की साजिश का हिस्सा हो सकते हैं। किरेन रिजिजू ने स्पष्ट किया कि भारत एकजुट राष्ट्र है और मोदी सरकार के नेतृत्व में सभी समुदायों के बीच समानता और भाईचारा सुनिश्चित किया जा रहा है।

उन्होंने आईएएनएस से कहा, "मैं अल्पसंख्यक मामलों का मंत्री हूं। हमारे देश में अल्पसंख्यक हो या बहुसंख्यक, सभी को संविधान के तहत समान अधिकार प्राप्त हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 'सबका साथ, सबका विकास' के सिद्धांत पर काम करते हैं। मैं हर समुदाय से मिलता हूं, उनकी समस्याएं सुनता हूं और उनके समाधान के लिए प्रयास करता हूं। 'आई लव मोहम्मद' जैसे अभियानों का उद्देश्य समाज में तनाव पैदा करना हो सकता है।"

उन्होंने आगे कहा, "कुछ लोग पर्दे के पीछे से ऐसी साजिश रच रहे हैं, लेकिन भारत सरकार धर्म या जाति के आधार पर कोई भेदभाव नहीं करती। हिंदू, मुस्लिम, सिख, ईसाई, सभी समुदाय यहां सुरक्षित हैं। हमें गर्व है कि हम भारत के नागरिक हैं।"

उन्होंने विपक्ष के नेता राहुल गांधी के विदेशों में दिए गए बयानों पर भी तीखी प्रतिक्रिया दी। किरेन रिजिजू ने कहा, "जब राहुल गांधी विदेशों में जाकर भारतीय लोकतंत्र और भारत की व्यवस्था के खिलाफ बोलते हैं, तो यह चिंता का विषय है। वह लोकसभा में विपक्ष के नेता हैं। उनके बयान कि भारत वैश्विक नेतृत्व करने में सक्षम नहीं है, दुनिया में गलत संदेश देते हैं। यह धारणा बनती है कि भारत में राहुल गांधी जैसे लोग हैं, जबकि सच्चाई यह है कि उनके जैसे विचार रखने वाले लोग देश में बहुत कम हैं। उनके बयान आपत्तिजनक हैं और उन्हें सोच-समझकर बोलना चाहिए।"

किरेन रिजिजू ने जोर देकर कहा कि जो लोग देश के खिलाफ बोलेंगे, उन्हें जनता कभी माफ नहीं करेगी।

उन्होंने कहा कि भारत एक मजबूत और एकजुट राष्ट्र है, जहां सभी धर्मों और समुदायों के लोग मिलकर प्रगति कर रहे हैं। सरकार का लक्ष्य सभी नागरिकों के कल्याण के लिए काम करना है और किसी भी तरह की साजिश को सफल नहीं होने दिया जाएगा। भारत की एकता और अखंडता को बनाए रखना सरकार की प्राथमिकता है। मैं देश के नागरिकों से अपील करता हूं कि वे ऐसी किसी भी गतिविधि का हिस्सा न बनें, जो देश में अशांति फैलाने का प्रयास करें।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   6 Oct 2025 10:57 AM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story