दिल्ली हाफ मैराथन में केन्याई धावकों का जलवा, मटाटा और रेंगरुक ने जीते खिताब

दिल्ली हाफ मैराथन में केन्याई धावकों का जलवा, मटाटा और रेंगरुक ने जीते खिताब
केन्याई धावक एलेक्स न्जिओका मटाटा और लिलियन कासैट रेंगरुक ने रविवार को दिल्ली हाफ मैराथन के 20वें संस्करण में उल्लेखनीय जीत दर्ज की। ऐसा दूसरी बार था, जब इस आयोजन के एक ही संस्करण में केन्याई धावकों ने पुरुष और महिला, दोनों वर्गों में खिताब जीते।

नई दिल्ली, 12 अक्टूबर (आईएएनएस)। केन्याई धावक एलेक्स न्जिओका मटाटा और लिलियन कासैट रेंगरुक ने रविवार को दिल्ली हाफ मैराथन के 20वें संस्करण में उल्लेखनीय जीत दर्ज की। ऐसा दूसरी बार था, जब इस आयोजन के एक ही संस्करण में केन्याई धावकों ने पुरुष और महिला, दोनों वर्गों में खिताब जीते।

फ्रांसिस किबिवोट और लिनेथ चेपकुरुई ऐसा सम्मान हासिल करने वाले पहले धावक थे। इन धावकों ने साल 2006 में यह कारनामा किया था।

इस साल की शुरुआत में आरएके हाफ-मैराथन में 59:20 के व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ समय के साथ जीत हासिल करने वाले केन्याई धावक एलेक्स न्जिओका मटाटा के नाम अब तक 7 बार 60 मिनट से कम समय में दौड़ पूरी करने का रिकॉर्ड दर्ज है। इसमें साल 2024 में दिल्ली में 59:53 का समय भी शामिल है।

मटाटा ने अपने साथी रूबेन रोनो के साथ शुरुआती 10 किलोमीटर की दूरी 28:43 में तय की। इस दौरान उनके साथ छह अन्य धावक भी मामूली अंतर से दौड़ रहे थे। केन्याई धावक ने दौड़ का दूसरा हिस्सा तेजी से पूरा किया। उन्होंने 59:50 मिनट में पुरुषों का खिताब जीता। यह इस साल मटाटा की पांचवीं हाफ-मैराथन जीत थी।

इथियोपिया के बेयेलिन तेशागर दूसरे (60:22) स्थान पर रहे, जबकि केन्याई जेम्स किपकोगी (60:25) तीसरे पायदान पर रहे।

महिला वर्ग में धाविकाओं ने बिल्कुल अलग रणनीति अपनाई। कासैट रेंगरुक अधिकांश दौड़ में आधा दर्जन धाविकाओं के समूह के साथ दौड़ती रहीं, जिनमें इथियोपिया की मुलत टेकले और मेलाल बिरातु शामिल थीं।

इस तिकड़ी ने 10 किलोमीटर दौड़ 32 मिनट 10 सेकंड में तय की। इसी दौरान केन्या की 2023 वर्ल्ड हाफ मैराथन ब्रॉन्ज मेडलिस्ट कैथरीन अमांगोले ने रफ्तार बढ़ाकर कुछ समय के लिए उनके साथ जुड़ने की कोशिश की।

तीनों ने 15 किलोमीटर दौड़ 48 मिनट 11 सेकंड में तय की, लेकिन इसके बाद अमांगोले अपनी गति बनाए नहीं रख सकीं और जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम के फिनिश लाइन की ओर बढ़ते हुए पीछे रह गईं।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   12 Oct 2025 3:04 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story