विपक्ष के झूठ को बूथ स्तर पर करें ध्वस्त, ट्रिपल इंजन की सरकार बनाने का लें संकल्प धर्मपाल सिंह

विपक्ष के झूठ को बूथ स्तर पर करें ध्वस्त, ट्रिपल इंजन की सरकार बनाने का लें संकल्प  धर्मपाल सिंह
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री धर्मपाल सिंह ने सोमवार को कहा कि सशक्त शक्ति केंद्र ही मंडल और बूथ के बीच सेतु का कार्य करता है और इन्हीं तीनों की मजबूती से विजय का त्रिशक्ति फॉर्मूला तैयार होगा। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता इस फॉर्मूले के जरिए विपक्ष के झूठ, फरेब और भ्रम को धराशायी करेंगे।

लखनऊ, 13 अक्टूबर (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री धर्मपाल सिंह ने सोमवार को कहा कि सशक्त शक्ति केंद्र ही मंडल और बूथ के बीच सेतु का कार्य करता है और इन्हीं तीनों की मजबूती से विजय का त्रिशक्ति फॉर्मूला तैयार होगा। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता इस फॉर्मूले के जरिए विपक्ष के झूठ, फरेब और भ्रम को धराशायी करेंगे।

धर्मपाल सिंह सोमवार को सोनभद्र में आयोजित शक्ति केंद्र संयोजक बैठक, अनुसूचित मोर्चा युवा कार्यकर्ता बैठक, बूथ अध्यक्ष बैठक तथा जिला पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि व पूर्व जिलाध्यक्षों की बैठक को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं को अब पूरी निष्ठा और अनुशासन के साथ पंचायत चुनावों की तैयारी में जुटना है, ताकि प्रदेश में ट्रिपल इंजन की सरकार बने। विपक्ष केवल झूठ और भ्रम फैलाकर राजनीतिक लाभ लेना चाहता है, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में भाजपा सरकारें सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के संकल्प के साथ काम कर रही हैं।

उन्होंने कहा कि हमें हर बूथ, हर घर और हर व्यक्ति तक न केवल विपक्ष के झूठ का पर्दाफाश करना है, बल्कि भाजपा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का संदेश भी पहुंचाना है। पार्टी के निष्ठावान, परिश्रमी और ऊर्जावान कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी देकर मंडल, शक्ति केंद्र और बूथ की संरचना को सशक्त करना होगा ताकि संगठन की अपेक्षाएं प्रत्येक बूथ पर जीवंत हों। उन्होंने यह भी कहा कि संगठन के प्रत्येक कार्यक्रम में स्थानीय लोगों की भागीदारी सुनिश्चित की जानी चाहिए। बूथ स्तर पर पूर्व में जिम्मेदारी निभाने वाले कार्यकर्ताओं और पार्टी के प्राथमिक सदस्यों को भी सक्रिय भूमिका देनी होगी।

कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए धर्मपाल सिंह ने कहा कि मंडल अध्यक्ष, शक्ति केंद्र संयोजक और बूथ अध्यक्षों के बीच सतत संवाद और रणनीतिक बैठकें जरूरी हैं। नियमित मासिक बैठकें, जनसंवाद और जनसंपर्क कार्यक्रमों के माध्यम से संगठन की गतिविधियों को जन-जन तक पहुंचाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि युवाओं और महिलाओं को जिम्मेदारी देकर, वरिष्ठ नेताओं के मार्गदर्शन में संगठन को और मजबूत बनाना होगा।

प्रदेश महामंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बाबा साहेब अंबेडकर से जुड़े स्थलों को पंचतीर्थ के रूप में विकसित किया और योजनाओं को गरीबों के सामाजिक-आर्थिक उत्थान के लिए समर्पित किया, जिससे अनुसूचित जाति वर्ग को सबसे अधिक लाभ मिला है। भाजपा संविधान की मजबूती और दलित समाज के उत्थान के लिए सतत कार्य कर रही है, जबकि कांग्रेस और सपा जैसे दलों ने हमेशा संविधान को कमजोर करने का काम किया।

उन्होंने आगे कहा कि सपा शासनकाल में दलितों के मकान और जमीनों पर कब्जे हुए और तुष्टीकरण की राजनीति ने अपराधियों व माफियाओं को संरक्षण दिया। पंचायत चुनाव और आगामी विधानसभा चुनाव के लिए सभी कार्यकर्ता अभी से संगठनात्मक तैयारी में जुट जाएं। उन्होंने कहा, “तथ्यों के साथ सत्य लेकर जन-जन के बीच संवाद स्थापित करें, यही भाजपा की जीत की कुंजी है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   13 Oct 2025 8:47 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story