'भारत रणभूमि दर्शन' छात्रों के लिए सेना की पहल, समृद्ध सैन्य विरासत से रूबरू हुए युवा

भारत रणभूमि दर्शन छात्रों के लिए सेना की पहल, समृद्ध सैन्य विरासत से रूबरू हुए युवा
भारतीय सेना ने छात्रों के लिए ‘भारत रणभूमि दर्शन’ की एक विशेष पहल की है। ‘भारत रणभूमि दर्शन’ पहल को भारतीय सेना ने 76वें सेना दिवस पर आरंभ किया था। इसका उद्देश्य भारत की समृद्ध सैन्य विरासत, ऐतिहासिक युद्ध स्थलों एवं रणभूमियों के बारे में जन-जागरूकता बढ़ाना, ‘बैटलफील्ड टूरिज्म’ को प्रोत्साहन देना और इन स्थलों को राष्ट्रीय पर्यटन परिदृश्य में एकीकृत करना है।

नई दिल्ली, 15 अक्टूबर (आईएएनएस)। भारतीय सेना ने छात्रों के लिए ‘भारत रणभूमि दर्शन’ की एक विशेष पहल की है। ‘भारत रणभूमि दर्शन’ पहल को भारतीय सेना ने 76वें सेना दिवस पर आरंभ किया था। इसका उद्देश्य भारत की समृद्ध सैन्य विरासत, ऐतिहासिक युद्ध स्थलों एवं रणभूमियों के बारे में जन-जागरूकता बढ़ाना, ‘बैटलफील्ड टूरिज्म’ को प्रोत्साहन देना और इन स्थलों को राष्ट्रीय पर्यटन परिदृश्य में एकीकृत करना है।

दिल्ली में भारतीय सेना ने बुधवार को ‘भारत रणभूमि दर्शन’ के अंतर्गत ‘भारत रणभूमि दर्शन इंटर-स्कूल क्विज’ का आयोजन किया। यह आयोजन यूनाइटेड सर्विस इंस्टीट्यूशन ऑफ इंडिया (यूएसआई) ने किया। यूएसआई देश का सबसे पुराना सैन्य थिंक टैंक है और इसकी स्थापना वर्ष 1870 में हुई थी। युवा वर्ग तक इस पहल के संदेश को पहुंचाने के लिए, यूएसआई, जो नोडल कोऑर्डिनेटिंग एजेंसी के रूप में कार्य कर रही है, ने कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों के लिए ‘भारत रणभूमि दर्शन इंटर-स्कूल क्विज’ का आयोजन किया।

इस प्रतियोगिता में राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के 18 प्रमुख विद्यालयों ने भाग लिया, जो भारत की सैन्य परंपराओं, इतिहास और राष्ट्रीय गौरव के प्रति छात्रों की बढ़ती रुचि का प्रतीक है।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि लेफ्टिनेंट जनरल अजय रामदेव, महानिदेशक (एकीकृत प्रशिक्षण) रहे। उन्होंने विजेता टीमों को पुरस्कार प्रदान किए तथा छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए उनके ज्ञान, उत्साह और देशभक्ति की सराहना की। क्विज का संचालन के.एस. नायर ने किया, जो एक प्रसिद्ध सैन्य इतिहासकार एवं लेखक हैं और भारतीय सशस्त्र बलों पर कई प्रसिद्ध पुस्तकें लिख चुके हैं। उनके ज्ञानवर्धक एवं रोचक प्रश्नों ने विद्यार्थियों को भारत के सैन्य इतिहास से जोड़ते हुए कार्यक्रम को जीवंत बना दिया।

प्रतियोगिता में आर्मी पब्लिक स्कूल, धौला कुआं की टीम विजेता रही, जबकि एयर फोर्स स्कूल, सुब्रोतो पार्क ने दूसरा स्थान प्राप्त किया और समर्स फील्ड स्कूल, कैलाश कॉलोनी तीसरे स्थान पर रहा। जीडी गोयनका स्कूल और इंद्रप्रस्थ इंटरनेशनल स्कूल के प्रदर्शन को भी विशेष प्रशंसा मिली।

सभी प्रतिभागी छात्रों को उनके उत्साह एवं प्रयास की सराहना में प्रमाणपत्र प्रदान किए गए। यह आयोजन भारतीय सेना और यूएसआई के उस सतत प्रयास का प्रतीक है, जिसके तहत देश के युवाओं में भारत की सैन्य विरासत, गौरवशाली परंपराओं और राष्ट्रीय इतिहास के प्रति जागरूकता, शोध भावना और गर्व की भावना विकसित की जा रही है।

सेना के मुताबिक, यह कार्यक्रम ‘भारत रणभूमि दर्शन’ पहल के अंतर्गत युवाओं को प्रेरित करने और राष्ट्र की वीर गाथाओं से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध हुआ।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   15 Oct 2025 7:47 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story