पप्पू यादव का राजद पर निशाना, 'गठबंधन धर्म निभाएं लालू, नहीं तो भाजपा उठाएगी फायदा'

पटना, 19 अक्टूबर (आईएएनएस)। बिहार विधानसभा चुनाव की तारीख नजदीक आने के साथ ही एनडीए और महागठबंधन के बीच सियासी जंग तेज हो गई है। महागठबंधन में सीट बंटवारे को लेकर तनाव बढ़ रहा है, क्योंकि कुछ विधानसभा सीटों पर राजद और कांग्रेस ने अपने-अपने उम्मीदवार उतार दिए हैं।
पूर्णिया से सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव पर गठबंधन धर्म न निभाने का आरोप लगाया। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर राजद ने गठबंधन के सिद्धांतों का पालन नहीं किया, तो इसका फायदा भाजपा उठा सकती है।
आईएएनएस से बातचीत में पप्पू यादव ने कहा कि यह 1990 का दौर नहीं है। अगर लालू यादव गठबंधन धर्म नहीं निभाएंगे तो इसका सीधा फायदा भाजपा को होगा। कांग्रेस ने हमेशा गठबंधन धर्म का सम्मान किया है। राहुल गांधी का स्पष्ट निर्देश है कि गठबंधन के सिद्धांतों का पालन होना चाहिए। इसलिए, राजद को भी गठबंधन धर्म निभाना होगा।
पप्पू यादव ने कहा कि दलितों और अति पिछड़ों के साथ कोई समझौता नहीं होगा। कांग्रेस के बिना न तो मुख्यमंत्री बन सकता है और न ही प्रधानमंत्री। हमने लालगंज में अति पिछड़ी जाति को टिकट दिया, लेकिन आप बाहुबलियों को टिकट दे रहे हैं। यह क्यों? आप हमारे दलित प्रदेश अध्यक्ष का अपमान कर रहे हैं। यह बर्दाश्त नहीं होगा। कांग्रेस के बिना आप बिहार में सरकार नहीं बना सकते।
उन्होंने दावा किया कि बिहार में एनडीए के पक्ष में माहौल नहीं है और उनकी हार निश्चित है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस गठबंधन धर्म का सम्मान कर रही है, लेकिन एनडीए का कोई आधार नहीं है। वे हार रहे हैं।
झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) के साथ सीट बंटवारे पर भी पप्पू यादव ने राजद को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि जेएमएम के साथ समझौता करना चाहिए। अगर ऐसा नहीं हो रहा, तो यह पूरी तरह गलत है। कम से कम जेएमएम को तीन से चार सीटें दी जानी चाहिए। गठबंधन धर्म का पालन करें, यह रवैया ठीक नहीं है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   19 Oct 2025 5:35 PM IST