नई दिल्ली छठ पूजा की तैयारियों के बीच नहर में मिला महिला का शव, पुलिस जांच में जुटी

नई दिल्ली, 21 अक्टूबर (आईएएनएस)। नॉर्थ वेस्ट दिल्ली के केशव नगर थाना क्षेत्र में छठ पूजा की तैयारियों के दौरान एक महिला का शव मुनक नहर में पाया गया। यह खबर इलाके में आग की तरह फैल गई। पुलिस भी सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची।
जानकारी के अनुसार, नहर में छठ पूजा की सुविधा के लिए सफाई का कार्य चल रहा था। इस दौरान सफाई कर्मियों ने पानी के अंदर महिला का शव देखा और तुरंत पुलिस को सूचित किया।
महिला की उम्र लगभग 30 साल के आसपास बताई जा रही है। शव पर कोई आघात या चोट के निशान नहीं पाए गए हैं और महिला पूरे कपड़े पहने हुई थी।
फिलहाल, यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि महिला नहर में गिरकर दुर्घटना का शिकार हुई या यह किसी आपराधिक घटना का परिणाम है। पुलिस ने शव को बाबू जगजीवन राम अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।
केशव नगर थाना क्षेत्र के अधिकारियों ने बताया कि इस घटना की प्राथमिक जांच की जा रही है। आसपास के थानों में महिला की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज होने पर उसके बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस की प्राथमिकता फिलहाल महिला की पहचान करना है ताकि मामले की तह तक पहुंचा जा सके।
मुनक नहर नॉर्थ वेस्ट दिल्ली से गुजरने वाली प्रमुख नहरों में से एक है। छठ पूजा के लिए यहां की सफाई की जा रही थी ताकि नहर के पानी में पूजा की व्यवस्था की जा सके। इस दौरान महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने नहर के आसपास के क्षेत्रों में गहन निगरानी और जांच शुरू कर दी है।
स्थानीय लोग भी घटना को लेकर चिंतित हैं। पुलिस ने आसपास के लोगों से अपील की है कि संदिग्ध गतिविधियों या किसी संदिग्ध व्यक्ति की जानकारी तुरंत थाने को दें, ताकि मामले की जांच तेजी से आगे बढ़ सके।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   21 Oct 2025 8:15 PM IST