भारतीय सेना और रॉयल आर्मी ऑफ ओमान ने रक्षा सहयोग को दी नई गति

भारतीय सेना और रॉयल आर्मी ऑफ ओमान ने रक्षा सहयोग को दी नई गति
भारतीय सेना और रॉयल आर्मी ऑफ ओमान के बीच महत्वपूर्ण संवाद आयोजित किया गया। सैन्य स्तर की यह वार्ता नई दिल्ली में 22 से 23 अक्टूबर को हुई। यह भारतीय सेना और रॉयल आर्मी ऑफ ओमान के बीच तीसरी आर्मी-टू-आर्मी स्टाफ वार्ता है।

नई दिल्ली, 23 अक्टूबर (आईएएनएस)। भारतीय सेना और रॉयल आर्मी ऑफ ओमान के बीच महत्वपूर्ण संवाद आयोजित किया गया। सैन्य स्तर की यह वार्ता नई दिल्ली में 22 से 23 अक्टूबर को हुई। यह भारतीय सेना और रॉयल आर्मी ऑफ ओमान के बीच तीसरी आर्मी-टू-आर्मी स्टाफ वार्ता है।

भारतीय सेना के मुताबिक इस दो दिवसीय बैठक में दोनों देशों की सेनाओं के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया। बैठक का उद्देश्य भारत और ओमान के बीच द्विपक्षीय रक्षा सहयोग को और अधिक सुदृढ़ और व्यापक बनाना था।

भारतीय सेना का कहना है कि वार्ता के दौरान कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई। इनमें संयुक्त सैन्य अभ्यासों के दायरे का विस्तार, विशिष्ट क्षेत्रों में विशेषज्ञों के आदान-प्रदान और प्रशिक्षण सहयोग को और अधिक गहन करने पर विशेष जोर दिया गया। दोनों पक्षों ने रक्षा क्षमताओं के विकास, व्यावसायिक सैन्य शिक्षा और रक्षा सहयोग की नई संभावनाओं पर भी विचार-विमर्श किया। यह चर्चाएं डिफेंस कोऑपरेशन प्लान 2026 के तहत की गईं, जिसका उद्देश्य आने वाले वर्षों में भारत-ओमान रक्षा साझेदारी को रणनीतिक रूप से नई दिशा देना है।

वार्ता के दौरान दोनों सेनाओं ने इस बात पर सहमति जताई कि मौजूदा वैश्विक सुरक्षा परिदृश्य में भारत और ओमान के बीच सहयोग न केवल द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करेगा, बल्कि क्षेत्रीय स्थिरता और समुद्री सुरक्षा के लिए भी महत्वपूर्ण योगदान देगा। ओमान, भारतीय सागर क्षेत्र में भारत का एक प्रमुख रणनीतिक साझेदार है और दोनों देशों के बीच रक्षा क्षेत्र में गहरे ऐतिहासिक व मित्रतापूर्ण संबंध हैं। भारत और ओमान कई क्षेत्रों में सहयोग कर रहे हैं।

रक्षा विशेषज्ञों के अनुसार आने वाले वर्षों में दोनों देशों की सेनाओं के बीच संयुक्त प्रशिक्षण अभ्यासों की आवृत्ति में वृद्धि देखी जाएगी। साथ ही सैन्य शिक्षा और अनुभव साझा करने के नए प्लेटफॉर्म्स विकसित किए जाएंगे।

इसके अलावा, रक्षा प्रौद्योगिकी और आपसी समन्वय के नए क्षेत्रों में भी सहयोग को प्रोत्साहित किया जाएगा। भारतीय सेना और रॉयल आर्मी ऑफ ओमान के बीच यह बैठक सैन्य कूटनीति को आगे बढ़ाने और भारत-ओमान रक्षा सहयोग को और मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुई है। इसने दोनों सेनाओं के बीच विश्वास, समझ और सहयोग की नई नींव गहरी की है, जो आने वाले समय में क्षेत्रीय सुरक्षा और स्थायित्व को और सुदृढ़ करेगी।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   23 Oct 2025 1:19 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story