अभिनेता पुनीत राजकुमार की चौथी पुण्यतिथि, कर्नाटक में रक्तदान शिविर, समाधि पर फैंस की भीड़
बेंगलुरू, 29 अक्टूबर (आईएएनएस)। कन्नड़ सुपरस्टार पुनीत राजकुमार की चौथी पुण्यतिथि पर बुधवार को बेंगलुरु के कांतीरवा स्टूडियो परिसर में उनकी समाधि पर हजारों फैंस श्रद्धांजलि देने पहुंचे।
फैंस ने लोगों को खाना खिलाया और अपने प्रिय अभिनेता की याद में रक्तदान शिविर भी आयोजित किए। वहीं, कई फैंस ने नेत्रदान का संकल्प लिया।
अभिनेता पुनीत राजकुमार की पत्नी अश्विनी पुनीत राजकुमार, उनके बड़े भाई, अभिनेता राघवेंद्र राजकुमार, अभिनेता युवा राजकुमार और परिवार के अन्य सदस्यों ने समाधि पर श्रद्धा सुमन अर्पित किए।
एक सूत्र ने बताया कि पुनीत के बड़े भाई और कन्नड़ सुपरस्टार शिवराजकुमार भी अपने परिवार के साथ समाधि स्थल पर पहुंच सकते हैं।
उनकी समाधि को फूलों और अन्य सजावटी वस्तुओं से खूबसूरती से सजाया गया था। मंगलवार आधी रात से ही राज्य भर से बड़ी संख्या में प्रशंसक यहां पहुंचने लगे थे। वे लंबी कतारों में खड़े होकर नम आंखों से अपने पसंदीदा सितारे को श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे थे।
कई लोग उसी परिसर में बनी पुनीत के पिता, कन्नड़ फिल्म के अभिनेता डॉ. राजकुमार की समाधि पर भी गए। फैंस इस दौरान पुनीत राजकुमार के कुछ लोकप्रिय गाने गाते नजर आए।
पुनीत राजकुमार को लोग प्यार से ‘अप्पू’ कहकर बुलाते थे। वह कन्नड़ फिल्म उद्योग के सबसे लोकप्रिय अभिनेताओं में से एक थे। 17 मार्च, 1975 को जन्मे, पुनीत महान अभिनेता डॉ. राजकुमार और पर्वतम्मा राजकुमार के सबसे छोटे बेटे थे। पुनीत ने बाल कलाकार के रूप में करियर की शुरुआत करते हुए 'बेट्टाडा हूवु' में अपने अभिनय के लिए सर्वश्रेष्ठ बाल कलाकार का राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार जीता।
उन्होंने मुख्य अभिनेता के रूप में 'अप्पू' (2002) से शुरुआत की, जो एक बड़ी हिट रही। इसके बाद ही पुनीत को लोग प्यार से अप्पू कहकर बुलाने लगे थे। इसके बाद उन्होंने कई हिट कन्नड़ फिल्मों में काम किया। वह फिल्मों के अलावा अपनी विनम्रता और परोपकार के लिए जाने जाते थे। उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य सेवा और नेत्रदान सहित विभिन्न धर्मार्थ कार्यों में सक्रिय रूप से योगदान दिया।
इसके साथ ही अपने फैंस को नेत्रदान का संकल्प लेने के लिए प्रेरित किया। पुनीत के फैंस कर्नाटक ही नहीं दुनियाभर में मौजूद हैं। 29 अक्टूबर, 2021 को उनका हार्ट अटैक की वजह से निधन हो गया था।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   29 Oct 2025 5:59 PM IST












