बोकारो में आईआरबी जवान हत्याकांड का खुलासा, मुख्य आरोपी सहित दो गिरफ्तार

बोकारो में आईआरबी जवान हत्याकांड का खुलासा, मुख्य आरोपी सहित दो गिरफ्तार
झारखंड के बोकारो जिले के चास थाना क्षेत्र में 27 अक्टूबर को हुए आईआरबी जवान अजय कुमार हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में गठित विशेष जांच दल (एसआईटी) ने धनबाद से मुख्य आरोपी बलराम तिवारी और उसके सहयोगी सूरज कुमार को गिरफ्तार किया है।

बोकारो, 6 नवंबर (आईएएनएस)। झारखंड के बोकारो जिले के चास थाना क्षेत्र में 27 अक्टूबर को हुए आईआरबी जवान अजय कुमार हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में गठित विशेष जांच दल (एसआईटी) ने धनबाद से मुख्य आरोपी बलराम तिवारी और उसके सहयोगी सूरज कुमार को गिरफ्तार किया है।

गिरफ्तार बलराम तिवारी के पास से एक देसी पिस्तौल, तीन जिंदा कारतूस और घटना में प्रयुक्त बाइक भी बरामद की गई है। चास के एसडीपीओ प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि घटना छठ महापर्व के संध्या अर्घ्य के दौरान हुई थी। चास थाना क्षेत्र की आदर्श कॉलोनी स्थित गायघाट छठ घाट पर बलराम तिवारी और अंकित मंडल के बीच एक युवती को लेकर विवाद हो गया था।

विवाद बढ़ने पर दोनों के बीच हाथापाई शुरू हो गई। इस दौरान मौके पर मौजूद आईआरबी जवान अजय कुमार ने बीच-बचाव करने की कोशिश की और बलराम तिवारी को थप्पड़ मार दिया। इससे नाराज बलराम तिवारी घर गया और पिस्तौल लाकर अजय कुमार को गोली मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद आरोपी फरार हो गया, जिसे एसआईटी ने तकनीकी जांच और गुप्त सूचना के आधार पर धनबाद से गिरफ्तार किया। पुलिस जांच में सामने आया है कि मुख्य आरोपी बलराम तिवारी का आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ चास थाना और सेक्टर-12 थाना में केस दर्ज हैं। सह-आरोपी सूरज कुमार उर्फ पप्पू कुमार के खिलाफ भी चोरी और वाहन चोरी के आरोप में चास थाना कांड संख्या 337/23 दर्ज है।

आईआरबी जवान की हत्या के बाद इलाके में तनाव व्याप्त हो गया था। इसके विरोध में आक्रोशित लोगों ने बोकारो-चास मुख्य मार्ग को करीब छह घंटे तक जाम रखा था। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी है और घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   6 Nov 2025 7:36 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story