झारखंडः जादू-टोना के चक्कर में शख्स की हत्या के मामले में भाई और दो भतीजे गिरफ्तार

झारखंडः जादू-टोना के चक्कर में शख्स की हत्या के मामले में भाई और दो भतीजे गिरफ्तार
झारखंड के सरायकेला जिले के चौका थाना क्षेत्र में सोयना मुंडा नामक एक शख्स की हत्या के मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने उसके भाई और दो भतीजों को शुक्रवार को गिरफ्तार किया है।

सरायकेला, 21 नवंबर (आईएएनएस)। झारखंड के सरायकेला जिले के चौका थाना क्षेत्र में सोयना मुंडा नामक एक शख्स की हत्या के मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने उसके भाई और दो भतीजों को शुक्रवार को गिरफ्तार किया है।

पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि 57 वर्षीय सोयना मुंडा की हत्या जादू-टोना के अंधविश्वास में की गई थी। हत्या की यह वारदात 6 नवंबर को ग्राम मुटुदा में सामने आई थी। उसका क्षत-विक्षत शव गांव में ही मिला था। मृतक के भाई हागड़ो मुंडा ने घटना के बाद अज्ञात लोगों के खिलाफ चौका थाने में एफआईआर दर्ज कराई थी।

उसने पुलिस को बताया था कि किसी अनजान व्यक्ति ने उसके भाई की हत्या कर दी है। अनुसंधान के दौरान पुलिस को कई बिंदुओं पर संदेह हुआ। तकनीकी और स्थानीय इनपुट के आधार पर जब गहराई से पूछताछ की गई, तो मामला पूरी तरह बदल गया। जांच में यह स्पष्ट हुआ कि सोयना मुंडा की हत्या किसी दुश्मनी या बाहरी हमले के कारण नहीं हुई थी।

पुलिस के अनुसार, मृतक के भाई हागड़ो मुंडा ने अपने भतीजों पगला मुंडा और मोहन मुंडा के साथ मिलकर डायन-भूत से जुड़े अंधविश्वास के आधार पर उसकी हत्या कर दी थी। पुलिस के मुताबिक, तीनों आरोपियों को यह भ्रम था कि सोयना मुंडा उनके परिवार पर "काला जादू" कर रहा है। इसी अंधविश्वास के कारण उन्होंने मिलकर उस पर हमला किया।

घटना के बाद तीनों ने पुलिस को गुमराह करने के लिए झूठी प्राथमिकी दर्ज कराई, ताकि हत्या को बाहरी हमला बताया जा सके। पुलिस ने शुक्रवार को तीनों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान मोहन मुंडा ने हत्या में प्रयुक्त हथियार की जानकारी दी। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने लकड़ी के हत्थे वाला लोहे का फरसा बरामद कर लिया, जिसे वारदात में इस्तेमाल किया गया था। आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   21 Nov 2025 8:41 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story