भारतीय सिनेमा के 'ही-मैन' धर्मेंद्र का निधन, कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने जताया दुख
मुंबई, 24 नवंबर (आईएएनएस)। भारतीय फिल्म जगत में एक युग का अंत हो गया। दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र, जिन्हें 'ही-मैन' के नाम से जाना जाता है, का आज सुबह 89 वर्ष की आयु में निधन हो गया। वे लंबे समय से बीमार चल रहे थे। अभिनेता के निधन पर कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने दुख जताया है।
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने एक्स पोस्ट में लिखा, "सुप्रसिद्ध भारतीय अभिनेता धर्मेंद्र के निधन का अत्यंत दुःखद समाचार प्राप्त हुआ। उनका निधन भारतीय फिल्म जगत के लिए एक अपूरणीय क्षति है। आपकी मुस्कान और आपके किरदार हमेशा हम सभी को याद रहेंगे। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को श्रीचरणों में स्थान एवं शोकाकुल परिजनों व उनके असंख्य प्रशंसकों को यह असीम दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें।"
यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लिखा, "लोकप्रिय फिल्म अभिनेता धर्मेंद्र का निधन अत्यंत दुखद एवं कला व फिल्म जगत की अपूरणीय क्षति है। उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि। प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को सद्गति तथा शोकाकुल परिजनों एवं उनके प्रशंसकों को यह अथाह दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करें।"
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने लिखा, "भारतीय सिनेमा के महान अभिनेता धर्मेन्द्र के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है। उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि। सिनेमा जगत को समृद्ध करने में उनका अद्वितीय योगदान और अभिनय सदैव अविस्मरणीय रहेगा। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को शांति और शोकाकुल परिजनों व प्रशंसकों को यह दुःख सहने की शक्ति दें।"
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने लिखा, "भारतीय सिनेमा जगत के प्रख्यात अभिनेता धर्मेंद्र देओल के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है। अपने सशक्त अभिनय, सिनेमा के प्रति समर्पण और विलक्षण प्रतिभा से उन्होंने करोड़ों दर्शकों के हृदय में स्थान बनाया। उनका जाना भारतीय कला जगत के लिए एक अपूरणीय क्षति है। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और परिजनों व प्रशंसकों को इस दुख की घड़ी में संबल प्रदान करें।"
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने एक्स पर लिखा, "भारतीय सिनेमा के महान अभिनेता धर्मेंद्र के निधन का समाचार अत्यंत व्यथित करने वाला है। धर्मेंद्र ने अपने सरल, सहज और प्रभावशाली अभिनय से पीढ़ियों के दिलों पर अमिट छाप छोड़ी। उनका व्यक्तित्व जितना विनम्र था, उतना ही प्रेरणादायक भी। धर्मेंद्र का जाना फिल्म जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। मैं दिवंगत आत्मा की शांति के लिए मरांग बुरु से प्रार्थना करता हूं और शोकग्रस्त परिवारजनों, उनके प्रशंसकों एवं शुभचिंतकों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं।"
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने लिखा, "लोकप्रिय फिल्म अभिनेता धर्मेंद्र के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है। भारतीय सिनेमा में उनका योगदान अविस्मरणीय और अप्रतिम है। उन्होंने अपने सशक्त अभिनय, सहज व्यक्तित्व और सरलता से करोड़ों हृदयों में विशेष स्थान बनाया। प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि वे पुण्य आत्मा को सद्गति प्रदान करें तथा शोक-संतप्त परिवारजनों और उनके असंख्य प्रशंसकों को इस कठिन समय में धैर्य और शक्ति दें।"
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने एक्स पर लिखा, "आज मुंबई में मशहूर एक्टर-हीरो धर्मेंद्र के निधन से बहुत दुख हुआ। भारतीय सिनेमा में उनका बहुत बड़ा योगदान आने वाली पीढ़ियों को प्रेरणा देता रहेगा। उनके परिवार, दोस्तों, फैंस और फॉलोअर्स के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। हेमा मालिनी जी, उनके बेटे और बेटियां अब उनकी शानदार विरासत को आगे बढ़ाएंगे।"
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   24 Nov 2025 3:34 PM IST












