पंजाब आरएसएस कार्यकर्ता नवीन की हत्या का मुख्य आरोपी बादल मुठभेड़ में ढेर
चंडीगढ़, 27 नवंबर (आईएएनएस)। पंजाब पुलिस ने आरएसएस कार्यकर्ता नवीन अरोड़ा हत्याकांड के मुख्य आरोपी बादल उर्फ बंटी को बुधवार देर रात जलालाबाद क्षेत्र के एक श्मशान घाट के पास मुठभेड़ में मार गिराया। इस दौरान दो पुलिसकर्मी भी घायल हो गए।
पुलिस ने हथियारों की बरामदगी और आरोपियों के अन्य साथियों की गिरफ्तारी के लिए इस इलाके में दबिश दी थी, लेकिन जैसे ही पुलिस ने श्मशान घाट के पास पहुंचकर घेराबंदी की, बादल और उसके दो साथी पुलिस पर गोली चलाने लगे।
इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिससे बादल को गोली लगी और वह ढेर हो गया। इस दौरान मुठभेड़ में एक हेड कांस्टेबल भी गोली लगने से घायल हो गया। घायल पुलिसकर्मी को सिविल अस्पताल फाजिल्का ले जाया गया, जहां उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
डीआईजी फिरोजपुर रेंज हरमनबीर सिंह गिल ने बताया कि 15 नवंबर 2025 को फिरोजपुर सिटी में आरएसएस नेता के बेटे नवीन अरोड़ा की बाजार में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
हत्या के तुरंत बाद पुलिस ने तीन आरोपियों—काली, हर्ष और कनव—को गिरफ्तार कर लिया था। काली की गिरफ्तारी के वक्त भी मुठभेड़ हुई थी, जबकि बुधवार की रात पुलिस ने इस मामले में मुख्य शूटर बादल वासी फिरोजपुर को काबू किया था। पूछताछ में आरोपियों ने बताया था कि हत्या में इस्तेमाल किए गए हथियारों को जलालाबाद के माहमूजोईया श्मशान घाट में छिपाया गया है, जहां आज मुठभेड़ हो गई।
15 नवंबर को फिरोजपुर शहर के मोची बाजार इलाके में यूको बैंक के पास दो अनजान युवकों ने दिनदहाड़े आरएसएस के वरिष्ठ कार्यकर्ता बलदेव कृष्ण अरोड़ा के बेटे नवीन अरोड़ा की गोली मारकर हत्या कर दी थी। पुलिस इस मामले में आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए छापेमारी कर रही थी।
हत्या वाले दिन चार आरोपी एक्टिव थे। हत्या में कनव, हर्ष, बादल, जतन काली निवासी बस्ती भट्टियां वाली व एक शूटर शामिल थे। नवीन की हत्या करने की योजना आरोपी कनव के जन्मदिन वाले दिन 13 नवंबर को उसके घर पर बैठकर बनाई गई थी। इस काम के लिए जतन काली ने अपने साथियों को एक लाख रुपए देने की बात कही थी। 15 नवंबर की रात बादल और शूटर ने नवीन की गोली मारकर हत्या कर दी। इन दोनों को भागने में कनव और हर्ष ने भूमिका निभाई।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   27 Nov 2025 1:33 PM IST












