'सिल्क्यारा विजय अभियान' आपदा प्रबंधन में भारत की ऐतिहासिक उपलब्धि भूपेंद्र यादव

सिल्क्यारा विजय अभियान आपदा प्रबंधन में भारत की ऐतिहासिक उपलब्धि भूपेंद्र यादव
देहरादून में उत्तराखंड राज्य विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद (यूकॉस्ट) द्वारा आयोजित तीन दिवसीय विश्व आपदा प्रबंधन सम्मेलन-2025 के अवसर पर केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव ने शुक्रवार को वीडियो संदेश के माध्यम से प्रतिभागियों को संबोधित किया। उन्होंने इस महत्वपूर्ण आयोजन का स्वागत करते हुए कहा कि अंतरराष्ट्रीय, राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय संस्थानों के सहयोग से आयोजित यह सम्मेलन आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण पहल है।

देहरादून, 28 नवंबर (आईएएनएस)। देहरादून में उत्तराखंड राज्य विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद (यूकॉस्ट) द्वारा आयोजित तीन दिवसीय विश्व आपदा प्रबंधन सम्मेलन-2025 के अवसर पर केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव ने शुक्रवार को वीडियो संदेश के माध्यम से प्रतिभागियों को संबोधित किया। उन्होंने इस महत्वपूर्ण आयोजन का स्वागत करते हुए कहा कि अंतरराष्ट्रीय, राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय संस्थानों के सहयोग से आयोजित यह सम्मेलन आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण पहल है।

सीएम भूपेंद्र यादव ने उत्तराखंड राज्य की स्थापना के रजत जयंती वर्ष पर राज्य की जनता को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पिछले 25 वर्षों में राज्य ने चुनौतियों के बावजूद राष्ट्रीय एवं वैश्विक स्तर पर एक प्रगतिशील पहचान स्थापित की है। उन्होंने संदेश में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य की प्रगति को नई दिशा प्रदान की है। यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री का हिमालय से विशेष अनुराग रहा है और उन्होंने हिमालय के विषयों, संदर्भों, संरक्षण और सुरक्षा के विषयों को हमेशा से सामने रखा है।

उन्होंने कहा कि हिमालय हमारा गौरव है और हिमालय भारत की आध्यात्मिक, सांस्कृतिक, पर्यावरणीय और जैव विविधता की धरोहर है। उन्होंने कहा कि हिमालय से निकली नदियां भारतीय सभ्यता की आधारशिला हैं। यादव ने जोर देते हुए कहा कि आपदा प्रबंधन की दृष्टि से अंतरराष्ट्रीय पटल पर हिमालय को निरंतर केंद्र में रखने की आज आवश्यकता है।

उन्होंने अपने संदेश में बताया कि विश्वभर में जलवायु परिवर्तन और मानवजनित कारणों से आपदाओं की घटनाओं में वृद्धि हुई है, जिसके लिए वैश्विक स्तर पर ठोस रणनीति की आवश्यकता है। केंद्रीय मंत्री ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रधानमंत्री द्वारा प्रस्तावित 10 सूत्रीय कार्यक्रम को विश्वभर में सराहनीय समर्थन प्राप्त हुआ है, जो भारत की नेतृत्व क्षमता का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि भारत ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में कोलिजन फॉर डिजास्टर रेसिलेन्स इंफ्रास्ट्रक्चर (सीडीआरआई) जैसा वैश्विक संगठन बनाया है जो आपदा जैसे विषयों पर उत्कृष्ट कार्य कर रहा है।

भूपेंद्र यादव ने कहा कि 'सिल्क्यारा विजय अभियान' ने यह सिद्ध किया है कि कठिन परिस्थितियों में मजबूत इच्छाशक्ति, कुशल नेतृत्व और वैज्ञानिक दक्षता असंभव को संभव बना सकती है। यह अभियान विश्वभर के देशों के लिए प्रेरणादायक उदाहरण है। उन्होंने कहा कि आपदा प्रबंधन को अधिक प्रभावी बनाने के लिए विज्ञान एवं तकनीक आधारित आपदा न्यूनीकरण, पूर्वानुमान और पूर्व-तैयारी पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है। आधुनिक तकनीकों, अनुसंधान एवं अंतरराष्ट्रीय सहयोग से ही भविष्य की आपदाओं से समुचित रूप से निपटा जा सकता है।

उन्होंने अपने संबोधन के अंत में आशा व्यक्त की कि इस सम्मेलन से निकलने वाले विचार, शोध और सुझाव भारत सहित पूरे विश्व के लिए लाभकारी सिद्ध होंगे तथा बहु-आपदा केंद्रित रणनीतियों के विकास में मार्गदर्शक की भूमिका निभाएंगे। उन्होंने सम्मेलन के सफल आयोजन के लिए आयोजकों एवं सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं भी दीं।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   28 Nov 2025 6:15 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story