चिराग पासवान: पार्टी के स्थापना दिवस में क्यों नहीं पहुंचे केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान? एयरपोर्ट से हुए वापस, सामने आई बड़ी वजह

पार्टी के स्थापना दिवस में क्यों नहीं पहुंचे केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान? एयरपोर्ट से हुए वापस, सामने आई बड़ी वजह

डिजिटल डेस्क, पटना। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में शानदार प्रदर्शन करने वाली लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा-आर) ने 28 नवंबर को अपना 25वां स्थापना दिवस मनाया। यह कार्यक्रम पटना के बापू सभागार में आयोजित किया गया था। इस अवसर पर पार्टी के वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी मौजूद थे। लेकिन पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान की तबीयत खराब होने के कारण वे नहीं शामिल हो सके। ऐसा पहली बार हुआ कि चिराग पार्टी के समारोह में नहीं पहुंच सके।

पार्टी स्थापना दिवस पर क्यों शामिल नहीं हुए चिराग?

चिराग पासवान की अनुपस्थिति की जानकारी पार्टी के सांसद अरुण भारती ने दी। उन्होंने कहा पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष की तबीयत खराब होने के कारण वह कार्यक्रम में शामिल नहीं हो पाएंगे। वे पटना आने के लिए एयरपोर्ट आए हुए थे लेकिन आचानक तबीयत खराब होने से उन्हें वापस जाना पड़ा। उसके बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष ने फोन करके कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।

चिराग ने अपने संकल्प को दोहराया

कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए चिराग पासवान ने पार्टी के संकल्पों को दोहराया। वह बोले, "हमने जो संकल्प किया है उसे जमीन पर उतारना है। साथ ही संगठन को मजबूत करना है।" एनडीए की ऐतिहासिक जीत होने पर उन्होंने पीएम नरेंद्र मोदी और सीएम नीतीश कुमार का आभार भी जताया। आगे वह बोले हम सभी मिलकर जनता की समस्या का समाधान करेंगे।

राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग की गैरमौजूदगी के बावजूद पार्टी ने बड़े उत्साह के साथ रजत जयंती समारोह मनाया। वहीं इस कार्यक्रम में भारी भीड़ एकत्रित हुई। पार्टी के नेताओं ने अगले चरण की राजनीतिक रणनीति पर चर्चा की। संबोधन के दौरान मंच के पीछे एलईडी स्क्रीन लगाई गई थी जिसमें रामविलास पासवान की फोटो लगाई गई थी।

चिराग पासवान ने एक्स पर लिखा?

चिराग पासवान ने पार्टी के स्थापना दिवस के अवसर पर सोशल मीडिया पर लिखा, "समर्पण, संघर्ष और सामाजिक न्याय के स्वर्ण अक्षरों से लिखी गई 25 वर्षों की यात्रा 'लोक लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास)' केवल एक राजनीतिक धारा नहीं, बल्कि वंचित एवं शोषित समाज को अधिकार और सम्मान दिलाने के लिए जन्मी एक क्रांति की पहचान है। इस अवसर पर सभी कार्यकर्ताओं और समर्थकों को हार्दिक बधाई एवं अभिनंदन। यह 25 वर्ष हमारे प्रयासों का फल हैं और भविष्य के संघर्षों का संकल्प भी। आइए हम सब मिलकर न्यायपूर्ण, समावेशी और समान अधिकारों वाले भारत के निर्माण हेतु एक नई ऊर्जा के साथ आगे बढ़ें।"

Created On :   28 Nov 2025 6:28 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story