सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी आयुष म्हात्रे का धुआंधार शतक, मुंबई ने विदर्भ को 7 विकेट से हराया

सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी आयुष म्हात्रे का धुआंधार शतक, मुंबई ने विदर्भ को 7 विकेट से हराया
सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के ग्रुप ए के मैच में आयुष म्हात्रे के धु्आंधार नाबाद शतक की बदौलत मुंबई ने विदर्भ को 7 विकेट से हरा दिया। आयुष ने 53 गेंद पर नाबाद 110 रन की पारी खेली।

लखनऊ, 28 नवंबर (आईएएनएस)। सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के ग्रुप ए के मैच में आयुष म्हात्रे के धु्आंधार नाबाद शतक की बदौलत मुंबई ने विदर्भ को 7 विकेट से हरा दिया। आयुष ने 53 गेंद पर नाबाद 110 रन की पारी खेली।

मुंबई को विदर्भ ने जीत के लिए 193 रन का लक्ष्य दिया था। बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई की शुरुआत अच्छी नहीं रही। ओपनर अजिंक्य रहाणे 0 और हार्दिक तामोरे 1 रन पर आउट हो गए। मुंबई 21 पर अपने दो विकेट गंवाकर मुश्किल में थी। इसके बाद सूर्यकुमार यादव ने आयुष म्हात्रे के साथ तीसरे विकेट के लिए 59 गेंद पर 88 रन की साझेदारी की। सूर्यकुमार यादव 30 गेंद पर 4 चौके और 1 छक्के की मदद से 35 रन बनाकर आउट हुए।

इसके बाद बल्लेबाजी के लिए आए शिवम दुबे ने आयुष के साथ 35 गेंद पर 85 रन की नाबाद साझेदारी कर टीम का स्कोर 17.5 ओवर में 3 विकेट पर 194 तक पहुंचाते हुए टीम को 13 गेंद पहले 7 विकेट से जीत दिला दी। दुबे 19 गेंद पर 3 छक्के और 3 चौके की मदद से 39 रन बनाकर नाबाद रहे।

सूर्यकुमार यादव और शिवम दुबे के बीच हुई दो साझेदारियों के बीच का मुख्य आकर्षण आयुष म्हात्रे रहे। आयुष ने महज 53 गेंद पर 8 छक्के और 8 चौके की मदद से नाबाद 110 रन बनाकर टीम को जीत दिलाई। आयुष ने अंडर-19 एशिया कप के लिए बतौर कप्तान अपने नाम का ऐलान होने के कुछ घंटे बाद ही टी20 करियर का अपना पहला शतक लगा दिया।

इससे पहले टॉस गंवाकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी विदर्भ ने 9 विकेट पर 192 रन बनाए थे। अथर्व तायडे और अमन मोखाडे की सलामी जोड़ी ने पहले विकेट के लिए 9.2 ओवर में 115 रन जोड़े। अथर्व ने 36 गेंद पर 64 और अमन ने 30 गेंद पर 61 रन बनाए। इसके बाद आने वाले बल्लेबाज नहीं चले। मध्यक्रम की असफलता की वजह से कभी 220-225 के पार जाती दिखी विदर्भ 9 विकेट पर 192 रन बना सकी।

मुंबई के लिए साईराज पाटिल और शिवम दुबे ने 3-3 विकेट लिए। अथर्व अंकोलेकर ने 2 और कप्तान शार्दुल ठाकुर ने 1 विकेट लिए।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   28 Nov 2025 6:19 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story