बिहार जिलाधिकारी ने बुलाई अधिकारियों की बैठक, जाना योजनाओं की प्रगति का हाल
नवादा, 18 जुलाई (आईएएनएस)। बिहार में नवादा जिला पदाधिकारी रवि प्रकाश की अध्यक्षता में शनिवार को डीआरडीए सभागार में जिला स्तरीय समन्वय, राजस्व एवं तकनीकी विभागों की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई।
बैठक में विभिन्न विभागों की पीपीटी के माध्यम से क्रमवार समीक्षा करते हुए जिला पदाधिकारी ने लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन, विभागीय समन्वय को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा सभी कार्यों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण करने के निर्देश दिए।
बैठक के प्रारंभ में सहयोग शिविर पोर्टल पर प्राप्त आवेदनों की समीक्षा की गई तथा संबंधित विभागों को सभी आवेदनों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
वन विभाग की समीक्षा के दौरान कर्पूरी नगर पथ से नालापर रविदास टोला तक सड़क निर्माण के लिए वनभूमि अपयोजन से संबंधित लंबित प्रस्ताव पर आवश्यक कार्रवाई शीघ्र पूरी करने का निर्देश दिया गया। वहीं राजस्व विभाग की समीक्षा में विभिन्न प्रखंडों में नए डिग्री महाविद्यालयों की स्थापना हेतु भूमि उपलब्धता की प्रगति की समीक्षा की गई तथा अंचल अधिकारी काशीचक को शीघ्र भूमि चिन्हित कर प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया। साथ ही खंटागी-लवनी पथ निर्माण के लिए क्षतिपूरक वृक्षारोपण हेतु प्रस्तावित गैर वन भूमि की उपयुक्तता का सत्यापन करने का निर्देश सभी अंचल अधिकारियों को दिया गया।
भू-अर्जन से संबंधित मामलों की समीक्षा करते हुए न्यू हिसुआ बाईपास एवं गंगाजल आपूर्ति योजना फेज-02 के तहत मुआवजा भुगतान की प्रगति की समीक्षा की गई तथा शेष पात्र रैयतों को शीघ्र भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
कृषि विभाग की समीक्षा में एग्रीस्टेक योजना के अंतर्गत फार्मर रजिस्ट्री के लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश सभी अंचल अधिकारियों को दिया गया। आईसीडीएस की समीक्षा के दौरान लाभुकों के आधार से मोबाइल नंबर लिंक नहीं होने के कारण एफआरएस प्रणाली से टीएचआर वितरण में आ रही बाधाओं को दूर करने के निर्देश दिए गए।
सामाजिक सुरक्षा कोषांग की समीक्षा में बताया गया कि जिले में 68,559 लाभार्थियों का जीवन प्रमाणीकरण लंबित है। इस पर जिला पदाधिकारी ने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों को पंचायत एवं वार्ड स्तर पर विशेष शिविर आयोजित कर जीवन प्रमाणीकरण कराने का निर्देश दिया। साथ ही दिव्यांगजन कोषांग की समीक्षा में पंचायत सचिवों के माध्यम से अभियान चलाकर पात्र दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
बैठक में स्वास्थ्य, पशुपालन, शिक्षा, श्रम, कल्याण, बाल संरक्षण, योजना, जीविका, पीएचईडी, भवन निर्माण एवं आपूर्ति सहित अन्य विभागों की भी विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान सभी विभागीय पदाधिकारियों को 'मेरा युवा भारत (माय भारत)' अभियान की जानकारी दी गई। जिला पदाधिकारी ने विद्यालयों, महाविद्यालयों, तकनीकी संस्थानों, कौशल प्रशिक्षण केंद्रों, एनएसएस, एनसीसी, नेहरू युवा केंद्र, जीविका एवं अन्य युवा संगठनों के माध्यम से अधिकाधिक युवाओं का पंजीकरण सुनिश्चित कराने का निर्देश देते हुए कहा कि यह मंच युवाओं को राष्ट्र निर्माण, नेतृत्व विकास, कौशल संवर्धन, सामाजिक सेवा एवं नवाचार से जोड़ने का प्रभावी माध्यम है।
बैठक में सहायक समाहर्त्ता, वन प्रमंडल पदाधिकारी, सिविल सर्जन, अनुमंडल पदाधिकारी नवादा सदर एवं रजौली, डीसीएलआर, पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय), निदेशक डीआरडीए, जिला कृषि पदाधिकारी, डीपीओ आईसीडीएस, जिला पशुपालन पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी सहित सभी जिला स्तरीय पदाधिकारी, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं सभी अंचल अधिकारी उपस्थित थे।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   18 July 2026 6:56 PM IST












