भारत बनाम इंग्लैंड लॉर्ड्स में खेला जाएगा निर्णायक वनडे, पिछली गलतियों से सबक लेकर उतरेगी मेहमान टीम

लंदन, 18 जुलाई (आईएएनएस)। भारत और इंग्लैंड के बीच रविवार को लॉर्ड्स के मैदान पर वनडे सीरीज का तीसरा और निर्णायक मुकाबला खेला जाना है। भारत ने बर्मिंघम में खेले गए मुकाबले को 6 विकेट से अपने नाम करने के बाद कार्डिफ में खेला गया दूसरा मुकाबला 4 विकेट से गंवा दिया था। अब 'होम ऑफ क्रिकेट' पर खेला जाने वाला मैच सीरीज का विजेता तय करेगा।
भारत के लिए, कार्डिफ में हार के बावजूद विराट कोहली का लय में लौटना एक बड़ी सकारात्मक बात रही, जो 65 रनों की शानदार पारी के दौरान आत्मविश्वास में नजर आए थे। हालांकि, रोहित की फॉर्म एक बड़ी चिंता का विषय बनी हुई है। पूर्व भारतीय कप्तान इस साल आठ वनडे पारियों में सिर्फ एक ही अर्धशतक लगा सके हैं। वह सीरीज के निर्णायक मैच में ओपनिंग करते हुए अच्छा स्कोर करने के लिए उत्सुक होंगे।
विकेटकीपर-बल्लेबाज केएल राहुल बीमारी के कारण कार्डिफ में नहीं खेल सके थे। अब भारत को निर्णायक मैच में अपने इस खिलाड़ी की वापसी की उम्मीद होगी। साल 2025 की शुरुआत से, राहुल भारत के सबसे भरोसेमंद वनडे बल्लेबाजों में से एक रहे हैं और उनका औसत 50 से ऊपर रहा है। वॉशिंगटन सुंदर के बाहर होने के बाद टीम सिलेक्शन भी अहम भूमिका निभा सकता है, जिससे भारत को अपनी प्लेइंग इलेवन के संतुलन पर फिर से विचार करना पड़ सकता है।
हालांकि लॉर्ड्स ने भारत के कई यादगार पल देखे हैं, लेकिन मेहमान टीम साल 2004 के बाद से इस मैदान पर कोई वनडे मैच नहीं जीत सकी है। इस सूखे को खत्म करने से न सिर्फ सीरीज जीती जा सकेगी, बल्कि दौरे का समापन भी यादगार होगा।
दूसरी तरफ, कार्डिफ में जो रूट ने 99 रन की नाबाद पारी खेलकर एक बार फिर से खुद को साबित किया है। इस पारी ने न सिर्फ रूट का, बल्कि पूरी इंग्लिश टीम का आत्मविश्वास बढ़ाया है। पूर्व कप्तान के नाम अब लगातार पांच वनडे मुकाबलों में अर्धशतक हैं। दूसरे वनडे में जसप्रीत बुमराह के सामने रूट का संयम इंग्लैंड का हौसला बढ़ाएगा, लेकिन भारत के मुख्य तेज गेंदबाज लॉर्ड्स में इस मुकाबले को अपने पक्ष में करने की पूरी कोशिश करेंगे।
भारत की टीम: शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर (उप-कप्तान), केएल राहुल (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), वाशिंगटन सुंदर, अक्षर पटेल, शिवम दुबे, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह, प्रसिद्ध कृष्णा, अर्शदीप सिंह, गुरनूर बरार, प्रिंस यादव।
इंग्लैंड की टीम: हैरी ब्रूक (कप्तान), रेहान अहमद, जोफ्रा आर्चर, गस एटकिंसन, टॉम बैंटन, जैकब बेथेल, जोस बटलर (विकेटकीपर), जेम्स कोल्स, सैम करन, लियाम डॉसन, बेन डकेट, विल जैक्स, साकिब महमूद, आदिल राशिद, जो रूट, जोश टोंग।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   18 July 2026 6:35 PM IST












