स्वास्थ्य/चिकित्सा: हिमाचल प्रदेश, तेलंगाना, झारखंड के मुख्यमंत्रियों ने 11वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर दी शुभकामनाएं

नई दिल्ली, 21 जून (आईएएनएस)। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी और झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने 11वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर प्रदेश के लोगों से योग को अपने जीवन में अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि यह हमारे जीवन और स्वास्थ्य के लिए बेहद ही जरूरी है।
योग के लाभों के बारे में बताते हुए सीएम सुक्खू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट किया। पोस्ट में उन्होंने लिखा, “सदियों पुरानी योग परंपरा हमारे ऋषि-मुनियों की देन है। योग विचारों को साधने का माध्यम है। योग में तप भी है और तत्व भी। यह आत्म-अनुशासन का विज्ञान और जीवन के प्रति जागरूकता का दर्शन है। आइए, हम सब मिलकर योग को अपने दैनिक जीवन का अनिवार्य अंग बनाएं। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर समस्त योग-साधकों एवं प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं।“
दुनियाभर में शनिवार को 11वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाया जा रहा है। पीएम मोदी ने विशाखापट्टनम में 3 लाख लोगों के साथ योग किया।
तेलंगाना के सीएम रेवंत रेड्डी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट किया। पोस्ट में उन्होंने लिखा, “एकाग्रता ही हमारे भीतर छिपी शक्ति को उजागर करती है, उस एकाग्रता को प्राप्त करने का एकमात्र साधन योग है। आज अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस है।“
कर्नाटक के डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार ने कहा कि हमें गर्व है कि हम योग को पूरी दुनिया के साथ साझा कर रहे हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, “योग- आंतरिक स्वास्थ्य का शाश्वत विज्ञान। हमें भारत से मिले इस अनमोल उपहार को दुनिया के साथ साझा करने पर गर्व है। इस अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर, आइए स्वस्थ शरीर, शांत मन और अधिक संतुलित जीवन के लिए योग के ज्ञान को अपनाएं।
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पोस्ट किया। पोस्ट में उन्होंने लिखा, “प्रकृति के साथ एकात्मता, संयम और सहजता, यही हमारी संस्कृति है और यही योग का वास्तविक स्वरूप भी है। आज अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर सभी को हार्दिक बधाई, शुभकामनाएं और जोहार।“
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   21 Jun 2025 10:22 AM IST