- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- सतना
- /
- जामुन की टहनी के कारण साढ़े 5 घंटे...
Satna News: जामुन की टहनी के कारण साढ़े 5 घंटे अंधेरे में रहा आधा शहर

- एक फाल्ट के कारण फेल रहे 3 फीडर, दिन तो दिन,रात में भी राहत नहीं
- बार-बार फाल्ट मार रहे दो पोल के बीच थ्री पेज का कंडक्टर बदला गया।
Satna News: विद्युत कंपनी के सिटी डिवीजन स्थित पन्ना रोड पर 11 केवी बगहा -पतेरी फीडर पर गुरुवार -शुक्रवार की दरमियानी रात जामुन की एक टहनी गिरने से आधा शहर अंधेरे में रहा। विद्युत कंपनी के अधिकारियों ने माना कि रात सवा एक बजे जामुन की एक टहनी एचटी लाइन पर टूट कर गिरने से शहर का तीसरा सबसे बड़ा बगहा-पतेरी फीडर बंद हो गया। इस फीडर में फाल्ट के कारण 33/11 केवी सिविल लाइंस सब स्टेशन का कोर्ट फीडर भी फेल हो गया।
पहले जंफर उड़ा, फिर तार टूटे
बताया गया है कि जैसे तैसे फाल्ट पकड़ में आया। लाइन चार्ज की गई तो 33/11 केवी सब स्टेशन की इसी लाइन पर लगा एक जंफर उड़ गया। मेंटेनेंस टीम ने जंफर की खबर ली तो महज 5 मिनट के अंदर बगहा-पतेरी फीडर का कंडर (तार) टूट गया। तार जोड़ कर लाइन चार्ज करने की कोशिश की गई तो 10 मिनट के अंदर तार फिर से टूट गया।
बार-बार फाल्ट मार रहे दो पोल के बीच थ्री पेज का कंडक्टर बदला गया। इस तरह से बगहा-पतेरी फीडर की बिजली आपूर्ति शुक्रवार को सुबह साढ़े 6 बजे बहाल हो पाई। बगहा-पतेरी फीडर पर महज एक जामुन की टहनी के कारण आए इस फाल्ट के कारण 11 केवी कोर्ट फीडर की तरह 11 केवी साउथ पतेरी फीडर भी बंद रहे।
यही है, 52.50 लाख के सालाना
मानसून मेंटेनेंस की असलियत
जानकारों के मुताबिक विद्युत कंपनी के अधीन आउटसोर्स कंपनी प्राइम-वन वर्कफोर्स के यहां लगभग 52.50 लाख के सालाना मेंटेनेंस की हकीकत है? साफ है कि अगर आउटसोर्स कंपनी सिटी डिवीजन के अंतर्गत प्री मानसून मेंटेनेंस करती तो रात जरा से हवा के झोंके में जामुन की टहनी टूट कर 11 केवी बगहा-पतेरी फीडर पर नहीं गिरती।
जरा सी बूंदाबांदी में ट्रिपिंग,पावर कट और ब्लैक आउट जैसी आम जनसमस्याओं की अहम वजह प्री मानसून मेंटेनेंस का नहीं कराया जाना है। आरोप है कि कागजों में काम पूरा हो चुका है। इन्हीं जानकारों के अनुसार प्राइम-वन वर्कफोर्स कागजों पर लगभग 1500 श्रमिक दर्शा कर मानसून मेंटेनेंस के नाम पर लगभग साढ़े 52 लाख की बिलिंग करती है।
इस मेंटेनेंस में प्री और पोस्ट मानसून शामिल है। यहां यह खेल विगत 3 वर्षों से निरंतर चल रहा है।
Created On : 21 Jun 2025 2:25 PM IST