केन्या भारी बारिश के बाद भू-स्खलन, 13 की मौत और कई लापता

केन्या भारी बारिश के बाद भू-स्खलन, 13 की मौत और कई लापता
केन्या में लगातार बारिश कई इलाकों के लिए आफत बन कर आई है। भारी बारिश के बाद शनिवार सुबह पश्चिमी केन्या की रिफ्ट वैली में भूस्खलन हो गया जिसमें करीब 13 लोगों की मौत हो गई। स्थानीय मीडिया ने इसकी जानकारी दी।

नैरोबी, 1 नवंबर (आईएएनएस)। केन्या में लगातार बारिश कई इलाकों के लिए आफत बन कर आई है। भारी बारिश के बाद शनिवार सुबह पश्चिमी केन्या की रिफ्ट वैली में भूस्खलन हो गया जिसमें करीब 13 लोगों की मौत हो गई। स्थानीय मीडिया ने इसकी जानकारी दी।

केन्या के गृह मंत्री किपचुम्बा मुरकोमेन ने एक बयान में कहा कि बचाव कार्यों में मदद के लिए सेना और पुलिस के हेलीकॉप्टर तैनात किए गए हैं।

शनिवार को एक बयान में, आंतरिक और राष्ट्रीय प्रशासन मंत्रालय ने कहा कि अक्टूबर-नवंबर-दिसंबर की चल रही बारिश के कारण कई काउंटियों में "जानमाल का नुकसान, चोटें और संपत्ति का विनाश" हुआ है।

सबसे ज्यादा प्रभावित इलाका मुकुर्टवो में माचेम्बर सब-लोकेशन है, जहां शुक्रवार रात भारी बारिश के बाद एक बड़ा भूस्खलन हुआ। मंत्रालय के अनुसार यहां 13 लोगों का शव बरामद किया गया है और लापता लोगों के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। उन्नीस लोगों को बचा लिया गया है, जबकि कई अन्य लोगों का चेसोंगोच मिशन हॉस्पिटल में इलाज चल रहा है।

बचाव अभियान में भूस्खलन की वजह से रुकावट आ रही है, जिससे मुख्य रास्ते बंद हो गए हैं, जिसमें कॉप्सोवार-चेसोई रोड भी शामिल है, जो पूरी तरह से बंद हो गया है। गृहमंत्री ने सोशल मीडिया पर कुछ तस्वीरें साझा करते हुए मृतकों के प्रति संवेदना जाहिर करते हुए कहा कि रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।

इस बीच, केन्या मौसम विज्ञान विभाग ने भारी बारिश जारी रहने की चेतावनी जारी करते हुए, पहाड़ी और नदी वाले इलाकों में अचानक बाढ़ और भूस्खलन के खतरे की आशंका जताई है।

हाल के वर्षों में केन्या में भूस्खलन और बाढ़ से सैकड़ों लोग मारे गए हैं, और वैज्ञानिकों का कहना है कि जलवायु परिवर्तन के कारण स्थिति गंभीर हो रही है।

पिछले साल मध्य केन्या में भूस्खलन और अचानक आई बाढ़ में 61 लोग मारे गए थे।

मंत्रालय के अनुसार प्रभावित इलाके में लोगों को रेस्क्यू करने, मेडिकल मदद और निगरानी के लिए हवाई मदद, इमरजेंसी टीमें, और फर्स्ट रिस्पॉन्डर्स तैनात किए हैं।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   1 Nov 2025 5:20 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story