अपराध: गिरिडीह में नाले में बहा दो साल का बच्चा, 18 घंटे बाद मिला शव, लोगों का फूटा गुस्सा

गिरिडीह में नाले में बहा दो साल का बच्चा, 18 घंटे बाद मिला शव, लोगों का फूटा गुस्सा
झारखंड के गिरिडीह शहर में एक दर्दनाक हादसे में दो साल के मासूम की नाले में बह जाने से मौत हो गई। घटना के करीब 18 घंटे बाद रविवार दोपहर बच्चे का शव बरामद किया गया।

गिरिडीह, 21 सितंबर (आईएएनएस)। झारखंड के गिरिडीह शहर में एक दर्दनाक हादसे में दो साल के मासूम की नाले में बह जाने से मौत हो गई। घटना के करीब 18 घंटे बाद रविवार दोपहर बच्चे का शव बरामद किया गया।

हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं स्थानीय लोगों का गुस्सा नगर निगम और जिला प्रशासन पर फूट पड़ा।

शनिवार शाम बारिश के दौरान बच्चा शहर में गांधी चौक स्थित घर के पास खेल रहा था तभी फिसलकर नाले में गिर पड़ा। नाले का बहाव इतना तेज था कि मासूम का तत्काल कुछ पता नहीं चल पाया।

घटना की खबर फैलते ही गांधी चौक पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना पाकर प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और खोजबीन शुरू की।

बचाव दल देर रात डेढ़ बजे तक सर्च ऑपरेशन चलाता रहा लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। रात में अभियान रोकना पड़ा, जिससे लोगों का आक्रोश और बढ़ गया। रविवार सुबह स्थानीय लोगों ने प्रशासनिक सुस्ती के खिलाफ सड़क पर उतरकर जोरदार प्रदर्शन किया।

सबसे ज्यादा नाराजगी नगर निगम के प्रति दिखाई दी। प्रदर्शनकारियों ने निगम की कार्यशैली को लापरवाही बताते हुए जिम्मेदारी तय करने की मांग उठाई। मौके पर पहुंचे लोगों ने आरोप लगाया कि गरीब का बच्चा नाले में गिरा था इसलिए प्रशासन ने इतनी देर लगाई। अगर किसी बड़े नेता या नामदार का बच्चा होता तो क्या इतनी सुस्ती दिखाई जाती?

लोगों के गुस्से को शांत कराने के लिए एसडीएम श्रीकांत विस्पुते, डीएसपी मुख्यालय नीरज कुमार सिंह, एसडीपीओ सदर जीतवाहन उरांव, बीडीओ गणेश रजक और थाना प्रभारी ज्ञान रंजन मौके पर पहुंचे।

एसडीएम ने लोगों के बीच बैठकर उन्हें समझाने का प्रयास किया। इससे पहले मृतक बच्चे की मां ने अधिकारियों से गुहार लगाई थी कि खोज अभियान तेज किया जाए। काफी दबाव और नाराजगी के बीच प्रशासन ने फिर से सर्च अभियान शुरू किया। कई घंटे की मशक्कत के बाद आखिरकार रविवार को बच्चे का शव बरामद किया गया।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   21 Sept 2025 3:45 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story