झारखंडः ‘जंगलमैन’ महादेव महतो की मुहिम से हरा-भरा हुआ उजड़ता जंगल, 36वें वर्ष भी लगा पर्यावरण मेला

झारखंडः ‘जंगलमैन’ महादेव महतो की मुहिम से हरा-भरा हुआ उजड़ता जंगल,  36वें वर्ष भी लगा पर्यावरण मेला
झारखंड के हजारीबाग जिले के टाटीझरिया-दूधमटिया के जंगलों को एक साधारण स्कूल शिक्षक के असाधारण संकल्प ने नई जिंदगी दे दी है। पर्यावरण संरक्षण की दिशा में शिक्षक महादेव महतो की शुरू की गई पहल अब एक व्यापक जनआंदोलन का रूप ले चुकी है।

हजारीबाग, 7 अक्टूबर (आईएएनएस)। झारखंड के हजारीबाग जिले के टाटीझरिया-दूधमटिया के जंगलों को एक साधारण स्कूल शिक्षक के असाधारण संकल्प ने नई जिंदगी दे दी है। पर्यावरण संरक्षण की दिशा में शिक्षक महादेव महतो की शुरू की गई पहल अब एक व्यापक जनआंदोलन का रूप ले चुकी है।

मंगलवार को इसी जंगल में लगातार 36वें वर्ष विशाल पर्यावरण मेला आयोजित किया गया, जिसमें हजारों लोगों ने भाग लिया और पेड़ों में रक्षा सूत्र बांधकर जंगल की सुरक्षा का संकल्प दोहराया।

महादेव महतो (71) टाटीझरिया के बेरहो गांव के रहने वाले हैं। उन्हें लोग स्नेहपूर्वक 'जंगलमैन' कहकर पुकारते हैं। उन्होंने वर्ष 1990 के दशक में तब अभियान शुरू किया, जब दूधमटिया जंगल का क्षेत्रफल मात्र 65 एकड़ रह गया था और पेड़ों की अंधाधुंध कटाई हो रही थी। महतो ने जंगल बचाने का बीड़ा उठाया और ग्रामीणों को साथ लेकर अभियान शुरू किया। उनकी मेहनत का नतीजा है कि आज यह जंगल 90 एकड़ में फैल चुका है।

महादेव महतो बताते हैं कि 1995 में अभियान को औपचारिक रूप से 'रक्षाबंधन अभियान' के रूप में शुरू किया गया। उन्होंने साइकिल से 70 से 80 किलोमीटर तक की यात्राएं कीं और गांव-गांव जाकर लोगों को जोड़ा। ग्रामीणों ने वन सुरक्षा समितियां बनाईं और तय किया कि हर पेड़ को रक्षा सूत्र बांधा जाएगा। शुरुआत में विरोध भी हुआ, लेकिन धीरे-धीरे यह आंदोलन पूरे क्षेत्र में फैल गया।

इस अभियान में सुरेंद्र प्रसाद सिंह, इंदु महतो, सरयू महतो, बासुदेव सिंह और दीना गोप जैसे ग्रामीणों ने सक्रिय भूमिका निभाई।

आज यह आंदोलन सिर्फ दूधमटिया तक सीमित नहीं है। हजारीबाग पूर्वी वन प्रमंडल क्षेत्र के भेलवारा, कुसुम्भा, चलनिया, दिगवार, खुरंडीह, सरौनी खुर्द, बभनवै, केसुरा और मयूरनचवा जैसे 38 गांवों में भी हर वर्ष वृक्षों के रक्षाबंधन उत्सव आयोजित किए जाते हैं। दूधमटिया का पर्यावरण मेला हर वर्ष 7 अक्टूबर को आयोजित किया जाता है।

मंगलवार को इस आयोजन बरकट्ठा के विधायक अमित यादव, पूर्व सांसद भुवनेश्वर मेहता, वन संरक्षक ममता प्रियदर्शी, पूर्वी वन प्रमंडल पदाधिकारी विकास कुमार उज्ज्वल सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।

हजारीबाग जिला मुख्यालय से बड़ी संख्या में छात्र और युवा साइकिल रैली की शक्ल में 25 किलोमीटर की दूरी तय कर मेला स्थल पर पहुंचे।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   7 Oct 2025 8:49 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story