राजनीति: राज्यसभा के लिए नामित 4 प्रतिष्ठित व्यक्तियों को भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने दी शुभकामनाएं

राज्यसभा के लिए नामित 4 प्रतिष्ठित व्यक्तियों को भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने दी शुभकामनाएं
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने राज्यसभा के लिए नामित देश के 4 प्रतिष्ठित व्यक्तियों को शुभकामनाएं दी हैं। भाजपा अध्यक्ष ने उनके योगदान की भी सराहना की। राज्यसभा के लिए नामित सदस्यों में वरिष्ठ राजनयिक हर्षवर्धन श्रृंगला, प्रसिद्ध इतिहासकार मीनाक्षी जैन, वरिष्ठ अधिवक्ता उज्ज्वल निकम और सामाजिक कार्यकर्ता सी. सदानंदन मास्टर शामिल हैं।

नई दिल्ली, 13 जुलाई (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने राज्यसभा के लिए नामित देश के 4 प्रतिष्ठित व्यक्तियों को शुभकामनाएं दी हैं। भाजपा अध्यक्ष ने उनके योगदान की भी सराहना की। राज्यसभा के लिए नामित सदस्यों में वरिष्ठ राजनयिक हर्षवर्धन श्रृंगला, प्रसिद्ध इतिहासकार मीनाक्षी जैन, वरिष्ठ अधिवक्ता उज्ज्वल निकम और सामाजिक कार्यकर्ता सी. सदानंदन मास्टर शामिल हैं।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भारतीय संविधान के अनुच्छेद-80 के तहत प्रदत्त अधिकारों का उपयोग करते हुए सभी चार प्रतिष्ठित व्यक्तियों को राज्यसभा के लिए नामित किया। उनकी यह नियुक्तियां खाली सीटों के लिए हुईं।

जेपी नड्डा ने मीनाक्षी जैन को शुभकामनाएं देते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, "राष्ट्रपति की ओर से राज्यसभा के लिए नामित किए जाने पर मीनाक्षी जैन को बधाई। उन्होंने वर्षों तक हमारे इतिहास, राजनीति और साहित्य का अध्ययन और लेखन किया है। उनका कार्य लोगों को गहराई से सोचने और सीखने में मदद करता है। राज्यसभा में उनकी उपस्थिति राष्ट्र के लिए एक बड़ी संपत्ति होगी। संसद में उनकी भूमिका के लिए शुभकामनाएं।"

उज्ज्वल निकम के लिए अपने संदेश में नड्डा ने कहा, "उज्ज्वल निकम को राष्ट्रपति की ओर से राज्यसभा के लिए मनोनीत किए जाने पर बधाई। अपने पूरे कार्यकाल में उन्होंने न्याय को बनाए रखने और सभी लोगों के अधिकारों की रक्षा के लिए कड़ी मेहनत की है। कानून और संविधान के प्रति उनका समर्पण वास्तव में प्रेरणादायक है। संसद में उनकी नई भूमिका के लिए शुभकामनाएं।"

हर्षवर्धन श्रृंगला को बधाई देते हुए जेपी नड्डा ने लिखा, "हर्षवर्धन श्रृंगला को राज्यसभा के लिए मनोनीत किए जाने पर बधाई। एक अनुभवी राजनयिक के रूप में उन्होंने पूरे समर्पण के साथ भारत की सेवा की और जी-20 अध्यक्षता को सफल बनाने में अहम भूमिका निभाई। वैश्विक मामलों में उनके विशाल अनुभव से उच्च सदन को मूल्यवान दृष्टिकोण मिलेगा। संसद में इस नई यात्रा के लिए उन्हें शुभकामनाएं।"

सी. सदानंदन मास्टर को लेकर अपने संदेश में भाजपा अध्यक्ष ने कहा, "सी. सदानंदन मास्टर को राज्यसभा के लिए नामित किए जाने पर बधाई। समाज कल्याण और शिक्षा के प्रति आपकी निडर सेवा ने अनेक लोगों के जीवन को प्रभावित किया है। डर और धमकियों के बावजूद आप देश की प्रगति के लिए अडिग रहे। युवाओं को मार्गदर्शन और प्रेरित करने का उनका जुनून सराहनीय है। संसद में उनकी नई भूमिका के लिए शुभकामनाएं।"

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   13 July 2025 2:36 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story