राजनीति: मालेगांव विस्फोट मामले में सभी 7 आरोपियों के बरी होने पर देशभर के साधु-संतों ने जताई खुशी

नई दिल्ली, 31 जुलाई (आईएएनएस)। मालेगांव विस्फोट मामले में एनआईए की विशेष अदालत की ओर से सभी सात आरोपियों को बरी किए जाने पर देशभर के साधु-संतों ने खुशी जताई है। उनका कहना है कि 17 साल की लंबी कानूनी लड़ाई के बाद सत्य की जीत हुई है। साधु-संतों का मानना है कि यह फैसला न केवल आरोपियों के लिए राहत लेकर आया, बल्कि यह भी दर्शाता है कि न्यायपालिका ने सबूतों के अभाव में निष्पक्ष निर्णय लिया है।
इस फैसले पर कुछ साधु-संतों से आईएएनएस ने बातचीत की। साध्वी निरंजन ज्योति ने कहा कि ऐसा होना ही था क्योंकि सत्य की हमेशा जीत होती है। लेकिन कांग्रेस ने आतंकवादियों को बचाने और उनकी मौत पर आंसू बहाने की कोशिश में भारतीय संस्कृति के एक पवित्र अंग भगवा को आतंकवाद करार देने का दुस्साहस किया। एक तरह से, अदालत का फैसला कांग्रेस पर खुद का मारा तमाचा है। कांग्रेस ने वोट बैंक की राजनीति के लिए हिन्दुओं को बदनाम करने की कोशिश की। सावन का महीना चल रहा है, न्याय मिला है। भारत के लिए आज गौरव का दिन है।
हनुमानगढ़ी मंदिर में फैसले को लेकर जश्न मनाया गया। महंत राजू दास ने भक्तों और संतों को लड्डू बांटे। उन्होंने कहा कि आज हमें राहत मिली है कि मालेगांव विस्फोट मामले का अंत आ गया है। उस विस्फोट में कई लोगों की जान चली गई थी। कुछ सरकारों द्वारा सनातन धर्म को बदनाम करने और हिंदुओं का अपमान करने के लिए जानबूझकर 'भगवा आतंकवाद' का झूठा प्रचार किया गया था। उन्होंने कहा कि जिस तरह से कांग्रेस ने भगवा आतंकवाद गढ़ा, क्या इसके लिए सोनिया गांधी माफी मागेंगी? क्या कांग्रेस पार्टी माफी मांगेगी? साध्वी प्रजा ठाकुर को यातनाएं दी गई, इसके लिए कांग्रेस को माफी मांगनी चाहिए। अदालती फैसले से सभी सातों बरी हो गए हैं। आज कांग्रेस की बदनामी हुई है।
अखिल भारतीय संत समिति के महासचिव स्वामी जितेंद्रानंद सरस्वती ने कहा कि जहां धर्म है, वहां विजय अवश्य होती है। जहां तक मालेगांव बम विस्फोट मामले की बात है, तो यह एक बहुत ही जटिल मामला था। एक तरह से यूपीए के शासनकाल में सोनिया गांधी-राहुल गांधी के नेतृत्व में हिंदू आतंकवादी परिभाषा गढ़ने का प्रयास ही नहीं किया, बल्कि प्रज्ञा ठाकुर जैसे लोगों को बम ब्लास्ट का अभियुक्त बनाकर 9 सालों तक जेल में रखा गया। इसकी जवाबदेही होनी चाहिए, कांग्रेस को जवाब देना चाहिए। हिंदू आतंकवादी नहीं होता है, ऐसे शब्दों को गढ़कर हिंदू को बदनाम करने की कोशिश की गई।
हरिद्वार के एक संत ने अदालत के फैसले की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह फैसला बहुत अच्छा और निष्पक्ष है। हम इसके लिए एनआईए अदालत का धन्यवाद करते हैं। यह फैसला पहले ही हो जाना चाहिए था, लेकिन देर ही सही, न्याय मिला है। साध्वी प्रज्ञा ठाकुर को बधाई देते हैं, उन्होंने काफी धैर्य रखा और सत्य पर वह चली। आज उनकी विजय हुई। हिंदू भगवाधारी आतंकवादी कभी नहीं हो सकता है। वह हमेशा अपने देश को सर्वोपरि रखता है। वोट की राजनीति के लिए हिंन्दुओं को बदनाम किया जाता है।
दूसरे संत ने कहा कि एनआईए अदालत द्वारा दिया गया फैसला उचित है। एक बहुत बड़ा षडयंत्र भगवा पर किया गया था। सारे षडयंत्र का पर्दाफाश कर दिया गया है। कोर्ट ने साध्वी प्रजा ठाकुर समेत सभी को बरी कर दिया है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   31 July 2025 3:37 PM IST