मोबाइल चोरी करने वाले दो शातिर चोर गिरफ्तार, चोरी के 12 मोबाइल और बाइक बरामद

मोबाइल चोरी करने वाले दो शातिर चोर गिरफ्तार, चोरी के 12 मोबाइल और बाइक बरामद
ग्रेटर नोएडा के थाना सूरजपुर पुलिस ने मोबाइल चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से विभिन्न कंपनियों के 12 चोरी के मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल की गई एक मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस के अनुसार, 31 जुलाई 2026 को थाना सूरजपुर पुलिस टीम ने रेलवे लाइन के पास चेकिंग के दौरान दो संदिग्ध युवकों को गिरफ्तार किया।

ग्रेटर नोएडा, 31 जुलाई (आईएएनएस)। ग्रेटर नोएडा के थाना सूरजपुर पुलिस ने मोबाइल चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से विभिन्न कंपनियों के 12 चोरी के मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल की गई एक मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस के अनुसार, 31 जुलाई 2026 को थाना सूरजपुर पुलिस टीम ने रेलवे लाइन के पास चेकिंग के दौरान दो संदिग्ध युवकों को गिरफ्तार किया।

पूछताछ में उनकी पहचान अरमान उर्फ गब्बर पुत्र मोहम्मद अय्युब निवासी लोहियानगर, मेरठ तथा साहिल उर्फ बेबे पुत्र युनुस निवासी विलासपुर, दनकौर (हाल निवासी राशिद कॉलोनी, सूरजपुर) के रूप में हुई। तलाशी लेने पर उनके पास से विभिन्न स्थानों से चोरी किए गए 12 मोबाइल फोन बरामद हुए। इसके अलावा घटना में इस्तेमाल बाइक भी पुलिस ने कब्जे में ले ली। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि उन्होंने अब तक किन-किन क्षेत्रों में मोबाइल चोरी की वारदातों को अंजाम दिया है और क्या इस गिरोह में अन्य लोग भी शामिल हैं।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि गिरफ्तार दोनों आरोपी पहले से ही आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहे हैं। आरोपी साहिल उर्फ बेबे के खिलाफ लूट, चोरी, आर्म्स एक्ट और अन्य गंभीर धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं। वहीं अरमान उर्फ गब्बर का भी लंबा आपराधिक इतिहास है। उसके खिलाफ गौतमबुद्धनगर के बीटा-2 और सूरजपुर थानों में चोरी, अवैध हथियार रखने, चोरी का सामान रखने तथा अन्य आपराधिक मामलों के कई मुकदमे दर्ज हैं।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार दोनों आरोपी पहले भी कई बार जेल जा चुके हैं। थाना सूरजपुर पुलिस का कहना है कि बरामद किए गए मोबाइल फोन के वास्तविक मालिकों की पहचान की जा रही है। जिन लोगों के मोबाइल चोरी हुए थे, उन्हें कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद उनके मोबाइल वापस दिलाए जाएंगे। साथ ही आरोपियों के आपराधिक नेटवर्क की भी जांच की जा रही है ताकि मोबाइल चोरी की अन्य घटनाओं का भी खुलासा किया जा सके।

पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि सार्वजनिक स्थानों, बाजारों, रेलवे स्टेशन और भीड़भाड़ वाले इलाकों में अपने मोबाइल और अन्य कीमती सामान की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

--आईएएनएस

पीकेटी/पीएम

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   31 July 2026 6:46 PM IST

Tags

Next Story