पीओजेके में प्रदर्शनकार‍ियों पर पाकिस्तान की कार्रवाई निंदनीय, अंतरराष्ट्रीय समुदाय करे जांच भारत

पीओजेके में प्रदर्शनकार‍ियों पर पाकिस्तान की कार्रवाई निंदनीय, अंतरराष्ट्रीय समुदाय करे जांच  भारत
भारत ने शुक्रवार को पाक के कब्‍जे वाले जम्मू-कश्मीर (पीओजेके) में शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे लोगों पर पाकिस्तान की ओर से की जा रही कार्रवाई की कड़ी आलोचना की और अंतरराष्ट्रीय समुदाय से पाकिस्तान की गतिविधियों की जांच करने तथा उसे इन अत्याचारों के लिए जवाबदेह ठहराने की अपील की।

नई दिल्ली, 31 जुलाई (आईएएनएस)। भारत ने शुक्रवार को पाक के कब्‍जे वाले जम्मू-कश्मीर (पीओजेके) में शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे लोगों पर पाकिस्तान की ओर से की जा रही कार्रवाई की कड़ी आलोचना की और अंतरराष्ट्रीय समुदाय से पाकिस्तान की गतिविधियों की जांच करने तथा उसे इन अत्याचारों के लिए जवाबदेह ठहराने की अपील की।

नई दिल्ली में शुक्रवार को आयोजित विदेश मंत्रालय (एमईए) की नियमित प्रेस ब्रीफिंग में प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि पीओजेके के लोगों के प्रति पाकिस्तान के रवैये का अंदाजा उसके रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ के बयान से लगाया जा सकता है, जिसमें उन्होंने प्रदर्शनकारियों को देश का 'दुश्मन' बताया था।

जायसवाल ने कहा, "पाकिस्तान लगातार पाकिस्तान-अधिकृत जम्मू-कश्मीर में शांतिपूर्ण नागरिकों पर बेहद कठोर कार्रवाई कर रहा है। इस कार्रवाई में 40 से ज्यादा बेगुनाह लोगों की जान जा चुकी है और कई अन्य गंभीर रूप से घायल हुए हैं। पीओजेके के आम लोगों के प्रति प्रशासन की पूरी बेरुखी तब साफ दिखाई दी, जब पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ने प्रदर्शन कर रहे नागरिकों को देश का दुश्मन बता दिया।"

ख्वाजा आसिफ ने पीओजेके में शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारियों के खिलाफ की गई कार्रवाई का बचाव करते हुए कहा था कि वह प्रदर्शनकारियों को 'भारत जैसा दुश्मन' मानते हैं।

जायसवाल ने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री के राजनीतिक मामलों के विशेष सहायक राणा सनाउल्लाह की हालिया टिप्पणियों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि राणा सनाउल्लाह ने खुले तौर पर स्वीकार किया कि पाकिस्तान ने जिन 'मुजाहिदीन' को प्रशिक्षित किया, उन्हें धन दिया, हथियार दिए और भारत भेजा, वही अब पाकिस्तान के खिलाफ खड़े हो गए हैं और पाक के लिए चुनौती बन गए हैं।

उन्होंने कहा, "कथित चुनाव पाकिस्तान के प्रशासन के लिए एक बड़ी शर्मनाक अस्वीकृति साबित हुए हैं। हिंसक कार्रवाई का सामना कर रहे वहां के लोगों ने गैरकानूनी हत्याओं की स्वतंत्र जांच के लिए अंतरराष्ट्रीय संगठनों से मदद मांगी है। हम अंतरराष्ट्रीय समुदाय से आग्रह करते हैं कि वह पाकिस्तान की कार्रवाई की जांच करे और उसे उसके अत्याचारों के लिए जवाबदेह ठहराएं।"

पाकिस्तानी कब्‍जे वाले कश्मीर में जॉइंट अवामी एक्शन कमेटी (जेएएसी) की ओर से आयोजित विरोध प्रदर्शनों और लॉन्ग मार्च के दौरान 40 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि सैकड़ों लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।

जेएएसी सहित कई सोशल मीडिया अकाउंट्स पर शेयर किए गए वीडियो में पाकिस्तानी सुरक्षा बलों की कथित सख्ती और कार्रवाई दिखाई गई है।

गुरुवार को सोशल मीडिया पर शेयर किए गए कुछ वीडियो में देखा गया कि पीओके के कोटली इलाके में शांतिपूर्ण रैली के दौरान पुलिस की गोलीबारी किए जाने के बाद महिला प्रदर्शनकारी अपनी जान बचाने के लिए भागती नजर आईं।

रावलाकोट, मीरपुर और कब्जे वाले क्षेत्र के अन्य हिस्सों समेत पूरे इलाके में चल रहे प्रदर्शनों के दौरान कई नागरिकों की मौत हो चुकी है और सैकड़ों लोग घायल हुए हैं।

स्थानीय संगठनों ने गहरी चिंता जताते हुए कहा है कि पांच जून से अब तक 100 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है, कई सौ लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, और सैकड़ों लोगों को पाकिस्तानी सुरक्षा बलों की ओर से कथित तौर पर गायब कर दिया गया है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   31 July 2026 6:46 PM IST

Tags

Next Story