150 की रफ्तार से गेंद फेंकने वाले अशोक शर्मा का आईपीएल डेब्यू, कभी नहीं भूलेंगे बड़े भाई का त्याग

150 की रफ्तार से गेंद फेंकने वाले अशोक शर्मा का आईपीएल डेब्यू, कभी नहीं भूलेंगे बड़े भाई का त्याग
तेज गेंदबाज अशोक शर्मा को गुजरात टाइटंस ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के चौथे मुकाबले में पंजाब किंग्स के खिलाफ प्लेइंग इलेवन में शामिल किया है। मंगलवार को मुल्लांपुर के महाराजा यादवेंद्र सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में जारी इस मैच के साथ अशोक अपना आईपीएल डेब्यू कर रहे हैं।

न्यू चंडीगढ़, 31 मार्च (आईएएनएस)। तेज गेंदबाज अशोक शर्मा को गुजरात टाइटंस ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के चौथे मुकाबले में पंजाब किंग्स के खिलाफ प्लेइंग इलेवन में शामिल किया है। मंगलवार को मुल्लांपुर के महाराजा यादवेंद्र सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में जारी इस मैच के साथ अशोक अपना आईपीएल डेब्यू कर रहे हैं।

'रफ्तार सिंह' के नाम से मशहूर अशोक 140-150 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गेंदबाजी करते हैं। उन्होंने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में अपनी तेज रफ्तार गेंदबाजी से विपक्षी टीम को काफी परेशान किया था।

17 जून 2002 को जन्मे अशोक जयपुर के पास स्थित रामपुरा गांव के रहने वाले हैं। उनके पिता नाथूलाल किसान हैं, जबकि मां गृहणी हैं। मां का सपना था कि बेटा सरकारी नौकरी करे। अशोक के बड़े भाई अक्षय भी क्रिकेट खेला करते थे। ऐसे में पिता नहीं चाहते थे कि दोनों बेटे क्रिकेट खेलें। वह चाहते थे कि अशोक पढ़ाई पर ध्यान दें, लेकिन बडे़ भाई ने अशोक की काबिलियत पहचान ली थी। उन्होंने अशोक के लिए क्रिकेट को त्याग दिया, ताकि छोटे भाई को अपना सपना पूरा करने का मौका मिल सके।

क्रिकेट के प्रति अशोक के जुनून को देखते हुए पिता ने जयपुर स्थित अरावली क्रिकेट एकेडमी में बेटे का एडमिशन करवा दिया, जो दिल्ली डेयरडेविल्स और राजस्थान के पूर्व लेग स्पिनर विवेक यादव की एकेडमी है।

अशोक को एकेडमी पहुंचने के लिए रोजाना काफी लंबा सफर करना पड़ता था, जिसके बाद वह एकेडमी के हॉस्टल में ही रहने लगे। कोरोना महामारी के बीच अशोक के कोच विवेक यादव का निधन हो गया, जिससे अशोक को बड़ा झटका लगा, लेकिन उन्होंने खुद को इस सदमे से निकाला और घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन करते हुए आईपील में जगह बनाई।

दाएं हाथ के तेज गेंदबाज अशोक शर्मा ने राजस्थान रॉयल्स के लिए नेट बॉलर के तौर पर काम किया। इसके बाद अशोक शर्मा को आईपीएल 2022 में कोलकाता नाइट राइडर्स ने 55 लाख रुपए में खरीदा था, लेकिन उन्हें एक भी मैच खेलने का मौका नहीं मिल सका। इसके बाद गुजरात टाइटंस ने इस खिलाड़ी पर 90 लाख रुपए का दांव खेला।

अशोक फर्स्ट क्लास करियर में 4 मैच खेले हैं, जिसमें 29.71 की औसत के साथ 14 विकेट हासिल किए। वहीं, 7 लिस्ट-ए मुकाबलों में उनके नाम 13 विकेट हैं। अशोक ने अपने टी20 करियर में 10 मैच खेले हैं, जिसमें 15.63 की औसत के साथ 22 विकेट निकाले।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   31 March 2026 8:10 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story