आरती छाबड़िया मिस इंडिया वर्ल्डवाइड से अभिनेत्री तक का सफर, कम उम्र में ही मिला कैमरे का आत्मविश्वास

मुंबई, 20 नवंबर (आईएएनएस)। अभिनेत्री आरती छाबड़िया उन चुनिंदा कलाकारों में शामिल हैं, जिन्होंने कम उम्र में ही मनोरंजन उद्योग में कदम रखा और अपनी प्रतिभा के दम पर दर्शकों के बीच अलग पहचान बनाई। हालांकि, करियर के एक महत्वपूर्ण मोड़ पर उन्होंने अभिनय से कुछ समय का विराम लेने का साहसिक निर्णय किया और न्यूयॉर्क फिल्म एकेडमी का रुख किया। वहां उन्होंने फिल्म निर्माण और निर्देशन की बारीकियों का गहन अध्ययन किया।
21 नवंबर 1982 को मुंबई में डॉ. अशोक छाबड़िया और सुनीता छाबड़िया (इंटीरियर डिजाइनर) के घर जन्मी आरती छाबड़िया ने बेहद कम उम्र में मॉडलिंग शुरू कर दी थी और स्कूल की पढ़ाई के साथ-साथ वीकेंड्स पर विज्ञापनों की शूटिंग करती थीं। इस दौरान उन्होंने फैरेक्स, मैगी, पेप्सोडेंट, क्लीन एंड क्लियर, अमूल समेत काफी बड़े ब्रांड्स के 300 से ज्यादा विज्ञापनों में काम किया था।
ऐसा कहा जाता है कि अभिनेत्री स्कूल में मेहनती छात्रा हुआ करती थीं। उन्होंने अपने काम को कभी भी पढ़ाई के बीच में आने नहीं दिया था, जिसके लिए वह सोमवार से शुक्रवार स्कूल जाती थीं और केवल वीकेंड (शनिवार-रविवार) पर विज्ञापनों की शूटिंग करती थीं। छोटी उम्र से ही विज्ञापनों में काम करने से उन्हें कम उम्र में ही कैमरे का आत्मविश्वास मिल गया था।
स्कूल की पढ़ाई पूरी होने के बाद उन्होंने मुंबई के प्रतिष्ठित एचआर कॉलेज ऑफ कॉमर्स एंड इकोनॉमिक्स में कॉमर्स की पढ़ाई के लिए दाखिला लिया था। कॉलेज के शुरुआती दिनों में ही उन्होंने अंतरराष्ट्रीय सौंदर्य प्रतियोगिता में हिस्सा लेने का फैसला किया था। सालों के कैमरा अनुभव, कई भाषाओं (अंग्रेजी, हिंदी, मराठी, सिंधी, गुजराती) की समझ और आत्मविश्वास ने उन्हें इस मंच के लिए तैयार किया।
नवंबर 1999 में अमेरिका के न्यू जर्सी में 'मिस इंडिया वर्ल्डवाइड 2000' प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। दुनिया भर से आईं 22 भारतीय सुंदरियों के बीच आरती सबसे कम उम्र (17 वर्ष) की प्रतियोगी थीं, जिसके बाद मनोरंजन जगत के दरवाजे उनके लिए खुल गए थे। जीत के तुरंत बाद उन्हें सुखविंदर सिंह के मशहूर म्यूजिक वीडियो 'नशा ही नशा है' और अदनान सामी के 'रूठे हुए हो क्यों' में काम मिला, जिसके बाद उन्होंने 2001-2002 में बॉलीवुड फिल्मों में कदम रखा।
साल 2001 में उन्होंने फिल्म 'लज्जा' से बॉलीवुड में कदम रखा था और 'आवारा पागल दीवाना', 'तुमसे अच्छा कौन है', 'शूटआउट एट लोखंडवाला' और 'पार्टनर' जैसी फिल्मों से पहचान बनाई। हिंदी के अलावा वे तेलुगू, कन्नड़ और पंजाबी फिल्मों में भी काम कर चुकी हैं। साल 2011 में उन्होंने स्टंट-आधारित रियलिटी शो 'फियर फैक्टर: खतरों के खिलाड़ी' (सीजन 4) की ट्रॉफी अपने नाम की थी और 'झलक दिखला जा 6' में भी अपने डांस का हुनर दिखाया।
साल 2012 में उन्होंने अभिनय से ब्रेक लेकर न्यूयॉर्क फिल्म एकेडमी से फिल्म डायरेक्शन की पढ़ाई की और प्रोडक्शन और निर्देशन के क्षेत्र में कदम रखा था। 11 अप्रैल 2017 को उन्होंने 30 मिनट की लघु फिल्म 'मुंबई वाराणसी एक्सप्रेस' का निर्माण और निर्देशन किया। यह फिल्म कई फिल्म फेस्टिवल्स में दिखाई गई थी और इसने कई पुरस्कार जीते थे।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :  
