फिल्म इंडियन 3 का नया पोस्टर जारी, सेनापति फिर लौटेगा जीरो टॉलरेंस के साथ
मुंबई, 8 अक्टूबर (आईएएनएस)। दिग्गज अभिनेता कमल हासन और मशहूर निर्देशक एस. शंकर की आगामी तमिल एक्शन-थ्रिलर फिल्म 'इंडियन 3' के निर्माताओं ने गुरुवार को फिल्म का नया पोस्टर जारी किया। लाइका प्रोडक्शंस ने सोशल मीडिया पर नया पोस्टर शेयर किया और लिखा, "सेनापति जीरो टॉलरेंस के साथ वापस आए हैं। 'इंडियन 3' वॉर मोड में वापसी शुरू होती है।"
सूत्रों ने आईएएनएस को बताया कि पोस्ट-प्रोडक्शन का काम अब पूरी रफ्तार से चल रहा है, क्योंकि तीसरे भाग का एक बड़ा हिस्सा दूसरे भाग की शूटिंग के दौरान ही शूट किया गया था।
'इंडियन' फ्रेंचाइजी का पहला भाग 'इंडियन' 1996 में रिलीज हुआ था, जिसमें कमल हासन, मनीषा कोइराला और उर्मिला मातोंडकर मुख्य भूमिकाओं में थे, जिसे दर्शकों की तरफ काफी प्यार मिला था। इसकी सफलता के बाद निर्देशक शंकर और अभिनेता कमल हासन ने फिल्म का सीक्वल बनाने पर विचार किया।
2017 में उन्होंने पहले भाग का सीक्वल 'इंडियन 2' की घोषणा की, हालांकि 'इंडियन 2' में काफी देरी हुई और इसके निर्माता इसे 2024 में ही पूरा कर पाए। दरअसल, फिल्म के सेट पर एक हादसे के बाद काम पूरी तरह रुक गया था, जिसमें तीन लोगों की मौत हो गई और 10 से ज्यादा घायल हो गए थे। इस दुर्घटना से सभी प्रभावित हुए, जिसके बाद शंकर, लाइका और कमल हासन ने मृतकों के परिवारों को आर्थिक सहायता देने की घोषणा की थी। जब शूटिंग फिर से शुरू करने की कोशिश की गई, तो कोविड आ गया और प्रोजेक्ट को रोकना पड़ा।
इसके अलावा, निर्देशक, अभिनेता और निर्माताओं के बीच मतभेद भी थे। काफी चर्चा के बाद विवाद सुलझे और शूटिंग फिर शुरू हुई, जिसमें लोकप्रिय प्रोडक्शन हाउस रेड जायंट मूवीज ने भी प्रोडक्शन में मदद की।
दूसरे भाग की अवधि लंबी होने के कारण, निर्माताओं ने फिल्म को दो भागों में रिलीज करने का फैसला किया, 'इंडियन 2' और 'इंडियन 3', जिसमें अभिनेता कमल हासन ने साफ किया कि उन्हें दूसरे भाग की तुलना में तीसरे भाग के लिए ज्यादा उत्साह है। अब, 'इंडियन 2' रिलीज होने के दो साल बाद, निर्माताओं ने 'इंडियन 3' का नया पोस्टर जारी किया है, जिससे फैंस के मन में फिल्म को लेकर उत्सुकता देखने को मिल रही है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   8 Oct 2026 6:53 PM IST












