सुरक्षा: नाइजर दो अलग-अलग हमलों में 39 नागरिकों की मौत

नियामी, 15 दिसंबर (आईएएनएस)। नाइजर के पश्चिमी टिल्लाबेरी क्षेत्र में इस सप्ताह दो अलग-अलग हमलों में 39 लोगों की मौत हो गई। नाइजर सशस्त्र बल (एफएएन) ने शनिवार को यह जानकारी दी।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, कोकोरोउ में 18 और लिबिरी में 21 लोगों की मौत हो गई।
एफएएन ने शनिवार शाम के अपने समाचार बुलेटिन में बताया, "लिबिरी और कोकोरोउ इलाकों में दो भयानक त्रासदियां हुईं: रक्षा और सुरक्षा बलों के लगातार अभियानों से घिरे अपराधियों ने निहत्थे नागरिकों पर कायरतापूर्ण हमला किया।"
सेना ने कहा, 'पीड़ितों में कई महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं।' बयान में आगे कहा गया "इन बर्बर कृत्यों के मद्देनजर, अधिकारियों ने शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी एकजुटता व्यक्त की है। उन्होंने अपराधियों को खोजने और उन्हें निष्प्रभावी करने के लिए सभी जरूरी कदम उठाने की बात कही है।"
लिबिरी और कोकोरोउ 'तीन सीमाओं' वाले क्षेत्र में स्थित हैं। यह नाइजर का वो इलाका है जो माली और बुर्किना फासो के साथ सीमा साझा करता है। यह क्षेत्र हाल के वर्षों में असुरक्षा का केंद्र बन गया है, जो विभिन्न जिहादी समूहों के हमलों से त्रस्त है।
नाइजर में जुंटा सरकार आतंकवादी हमलों पर लगाम लगाने में नाकाम रहने के कारण दबाव में है।
संघर्ष निगरानी समूह एसीएलईडी के अनुसार, पिछले वर्ष नाइजर में जिहादी हमलों में कम से कम 1,500 नागरिक और सैनिक मारे गए हैं।
सैन्य जुंटा सरकार हमलों और मौतों की खबरों को 'निराधार दावे' और 'नशे का अभियान' बताकर खारिज करती आई है।
नाइजर की सैन्य सरकार ने फर्जी खबरें फैलाने का आरोप लगाते हुए बीबीसी को तीन महीने के लिए निलंबित कर दिया। नाइजर के संचार मंत्री रालियो सिदी मोहम्मद ने कहा कि यह निर्णय तुरंत प्रभाव से लागू होगा।
जुलाई 2023 में सेना द्वारा तख्तापलट करके सत्ता हथियाने के बाद से नाइजर ने फ्रांसीसी आउटलेट फ्रांस24 और रेडियो फ्रांस इंटरनेशनेल (आरएफआई) को भी निलंबित कर दिया है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   15 Dec 2024 6:27 PM IST