'52 ब्लू' में शामिल होने पर नेहा धूपिया ने जताया आभार, कहा-इस फिल्म ने मेरी मेहनत को दुनिया तक पहुंचाया

52 ब्लू में शामिल होने पर नेहा धूपिया ने जताया आभार, कहा-इस फिल्म ने मेरी मेहनत को दुनिया तक पहुंचाया
भारतीय-अंतरराष्ट्रीय ड्रामा फिल्म '52 ब्लू' का हाल ही प्रीमियर लंदन इंडियन फिल्म फेस्टिवल में हुआ था। अली अल अरबी द्वारा निर्देशित इस फिल्म में नेहा धूपिया, आदिल हुसैन और यादव शशिधर मुख्य भूमिकाओं में हैं।

मुंबई, 14 जुलाई (आईएएनएस)। भारतीय-अंतरराष्ट्रीय ड्रामा फिल्म '52 ब्लू' का हाल ही प्रीमियर लंदन इंडियन फिल्म फेस्टिवल में हुआ था। अली अल अरबी द्वारा निर्देशित इस फिल्म में नेहा धूपिया, आदिल हुसैन और यादव शशिधर मुख्य भूमिकाओं में हैं।

मंगलवार को अभिनेत्री नेहा धूपिया ने प्रीमियर की खास झलक अपने इंस्टाग्राम पर शेयर की, जिसके साथ उन्होंने अपनी भावनाएं शब्दों के जरिए बयां करते हुए लिखा, "'52 ब्लू' बाकी फिल्मों से अलग लगती है…सबसे पहले मैं बस इतना कहना चाहती हूं कि अली, आपने सिनेमा बनाया है, जिसका हिस्सा बनना हर कलाकार का सपना होता है। मुझे अपनी लक्ष्मी के रूप में देखने और मुझ पर भरोसा करने के लिए धन्यवाद। इस फिल्म में मेरी क्षमता और अलग-अलग किरदार निभाने की काबिलियत और मेरी मेहनत को शायद पूरी दुनिया तक पहुंचना जरूरी था। उम्मीद है कि इस फिल्म के जरिए घर के आसपास के और भी लोग इसे देखेंगे और समझेंगे।"

अभिनेत्री नेहा धूपिया ने बताया कि वे फिल्म से जुड़े अनुभवों और भावनाओं को शेयर करने से तब तक रुकी रही, जब तक उन्होंने खुद फिल्म '52 ब्लू' देख नहीं ली। अभिनेत्री ने लिखा, "यह अनुभव मेरे कैरेक्टर की पहली लाइनों में से एक पर यकीन दिलाता है, जिसमें मैं कहती हूं, 'हम जो भी करते हैं और जिन लोगों से भी मिलते हैं, वे हमें उस दिशा में ले जाते हैं, जहां हमें जाना होता है।'

अभिनेत्री नेहा धूपिया ने फिल्म निर्माता अली अल अरबी को धन्यवाद दिया। उन्होंने लिखा, "मुझे हमेशा गर्व रहेगा कि हमने यह फिल्म बनाई। वहीं, बेहतरीन लोगों के साथ काम करने का मौका मिला। यह फिल्म दुनिया के कुछ अलग-अलग हिस्सों में चुनिंदा दर्शकों के लिए दिखाई गई है और हमें उम्मीद है कि यह आगे भी और जगहों तक पहुंचेगी।"

अभिनेत्री नेहा धूपिया ने दर्शकों से अपील करते हुए लिखा, "जब भी मौका मिले, इस छोटी-सी खूबसूरत फिल्म को जरूर देखें। क्योंकि भावनाओं से भर देने के साथ-साथ यह आपको बड़े सपने देखने की उम्मीद भी देती है। सपने देखने के प्यार के लिए…और लियो मेसी के प्यार के लिए।"

यह फिल्म एक युवा भारतीय फुटबॉल प्रशंसक आशीष (यादव शशिधर) की कहानी है, जो अपने बचपन के आदर्श खिलाड़ी, लियोनेल मेस्सी से मिलने के सपने को पूरा करने के लिए केरल के एक द्वीप से कतर में आयोजित फीफा विश्व कप तक की यात्रा करता है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   14 July 2026 5:25 PM IST

Tags

Next Story