आम आदमी पार्टी 'अत्याचार की सीमा' तक जाने वाली राजनीति करती है कमलजीत सहरावत

आम आदमी पार्टी अत्याचार की सीमा तक जाने वाली राजनीति करती है  कमलजीत सहरावत
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सांसद कमलजीत सहरावत ने आम आदमी पार्टी (आप) के नेता राघव चड्ढा से जुड़े संसदीय विवाद, महिला आरक्षण विधेयक, एलपीजी उपलब्धता और एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी की चुनावी भूमिका पर प्रतिक्रिया दी है।

नई दिल्ली, 3 अप्रैल (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सांसद कमलजीत सहरावत ने आम आदमी पार्टी (आप) के नेता राघव चड्ढा से जुड़े संसदीय विवाद, महिला आरक्षण विधेयक, एलपीजी उपलब्धता और एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी की चुनावी भूमिका पर प्रतिक्रिया दी है।

आईएएनएस से बातचीत में कमलजीत सहरावत ने आम आदमी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी के मूल विचारों से जुड़े कई प्रमुख चेहरे अब उससे अलग हो चुके हैं। उन्होंने किरण बेदी, योगेंद्र यादव और आशुतोष का उल्लेख करते हुए कहा कि ये सभी कभी पार्टी के कोर सदस्य थे, लेकिन समय के साथ अलग हो गए।

उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी में असहमति के लिए कोई जगह नहीं है और जो भी सच बोलता है, उसे बाहर का रास्ता दिखा दिया जाता है। राघव चड्ढा के बयान को उन्होंने गंभीर बताते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी 'अत्याचार की सीमा' तक जाने वाली राजनीति करती है।

महिला आरक्षण विधेयक पर कमलजीत सहरावत ने कहा कि यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा देश की आधी आबादी से किया गया महत्वपूर्ण वादा है। सरकार पहले ही इस दिशा में कदम बढ़ा चुकी है और अब इस पर चर्चा के बाद इसे लागू करने की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि देश की महिलाएं लंबे समय से इसका इंतजार कर रही हैं और यह उनके सशक्तीकरण की दिशा में बड़ा कदम साबित होगा।

एलपीजी की उपलब्धता को लेकर कांग्रेस नेता कमलनाथ के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कमलजीत सहरावत ने कहा कि वर्तमान हालात में देश में कोई बड़ी कमी नहीं है और लोगों को नियमित रूप से गैस सिलेंडर मिल रहे हैं। सरकार ने एहतियात के तौर पर कुछ कदम जरूर उठाए हैं, लेकिन विपक्ष ने इस मुद्दे पर भ्रम फैलाने की कोशिश की। उनके अनुसार, कमलनाथ का बयान वास्तविक स्थिति को स्वीकार करने जैसा है और देश की जनता हर चुनौती के समय सरकार के साथ खड़ी रही है।

वहीं, असदुद्दीन ओवैसी द्वारा बंगाल और असम चुनाव में 'मियां गेमचेंजर' वाले बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कमलजीत सहरावत ने कहा कि चुनाव में असली गेमचेंजर जनता होती है। पश्चिम बंगाल की स्थिति चिंताजनक है, जहां चुनाव के दौरान हिंसा और कार्यकर्ताओं की सुरक्षा से जुड़े गंभीर मामले सामने आते रहते हैं। उन्होंने ओवैसी को सलाह दी कि वे जनता को किसी विशेष श्रेणी में बांटने के बजाय लोकतांत्रिक प्रक्रिया का सम्मान करें, क्योंकि अंततः जनता ही फैसला करती है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   3 April 2026 8:40 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story