आप सभी को 2036 ओलंपिक की अच्छे से तैयारी करनी चाहिए जय शाह
नई दिल्ली, 15 मार्च (आईएएनएस)। आईसीसी चेयरमैन जय शाह ने रविवार को संकेत दिए कि भारत 2036 में होने वाली ओलंपिक की मेजबानी करने वाला है। स्पोर्ट्स जर्नलिस्ट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसजेएफआई) के राष्ट्रीय सम्मेलन में जय शाह ने कहा कि भारत को खेल जगत के इस सबसे बड़े इवेंट की मेजबानी के लिए अच्छी तैयारी करनी चाहिए।
जय शाह ने कहा, "आप सब जानते हैं कि जब मैं बीसीसीआई में था तो मैंने 2028 तक की तैयारी की थी। खुशकिस्मती से मुझे अच्छे नतीजे मिले। हालांकि, बीसीसीआई की टीम यहां बैठी है। आप सबको 2030 के कॉमनवेल्थ गेम्स की तैयारी करनी चाहिए। आप सभी को 2032 के ब्रिस्बेन ओलंपिक की तैयारी करनी चाहिए और आप सब जानते हैं कि 2036 का ओलंपिक कहां होने वाला है। आप सबको उसकी भी तैयारी करनी चाहिए।"
साल 2024 में बीसीसीआई सचिव से आईसीसी के प्रमुख बने जय शाह ने इस मौके का इस्तेमाल 2019 से 2026 तक भारतीय क्रिकेट के लिए एक बदलाव भरे दौर पर बात करने के लिए किया। उन्होंने कहा, "2019 से 2026 तक का समय बीसीसीआई और भारत के लिए बहुत अहम था। आज, मैं सबको बधाई देता हूं। हमने दो अंडर-19 महिला वर्ल्ड कप खिताब और दो अंडर-19 पुरुष वर्ल्ड कप जीते। हम वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप में दो बार रनरअप रहे। हम पुरुष वनडे विश्व कप में रनरअप रहे, जबकि महिला वनडे वर्ल्ड कप को अपने नाम किया। हमने टी20 वर्ल्ड कप दो बार जीता और चैंपियंस ट्रॉफी का खिताब भी अपने नाम किया। यही कारण है कि 2019 से 2026 तक का समय हम सबके लिए एक सुनहरा दौर था और आप सभी ने इसमें एक बड़ी भूमिका निभाई।"
शाह ने हाल ही में खत्म हुए टी20 वर्ल्ड कप में भारत के शानदार प्रदर्शन की भी सराहना कीऔर उन दूसरी टीमों को भी बधाई दी जिन्होंने टूर्नामेंट में बेहतरीन प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा, "टी20 वर्ल्ड कप अभी-अभी खत्म हुआ है। भारत का प्रदर्शन बहुत शानदार रहा। इसके लिए मैं पूरी भारतीय टीम को बधाई देता हूँ। इसके साथ ही, इंग्लैंड और साउथ अफ्रीका अफ्रीका सेमीफाइनल से पहले तक अजेय रहे थे और मैं उन्हें भी बधाई देता हूं। साथ ही, न्यूजीलैंड की टीम ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ जीत हासिल की और फाइनल में जगह बनाई। न्यूजीलैंड की टीम ने जिस तरह का जज्बा दिखाया है उसके लिए हम उन्हें बधाई देते हैं।"
आईसीसी चेयरमैन ने उन एसोसिएट देशों की भी विशेष रूप से तारीफ की, जिन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए टूर्नामेंट का कद काफी ऊंचा उठाया। उन्होंने कहा, "यह टी20 वर्ल्ड कप 2026 एसोसिएट देशों के लिए बहुत महत्वपूर्ण था। भारत ने वर्ल्ड कप जीता, लेकिन आप सभी जानते हैं कि अमेरिका के खिलाफ मैच में भारत लगभग हार ही गया था। नीदरलैंड पाकिस्तान को हराने ही वाला था। नेपाल ने इंग्लैंड को कड़ी टक्कर दी और जिम्बाब्वे ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ शानदार जीत दर्ज की। यही कारण है कि मैं सभी एसोसिएट देशों का धन्यवाद करना चाहता हूं, जिन्होंने अपने दमदार प्रदर्शन से वर्ल्ड कप के रोमांच को बढ़ाया।"
जय शाह ने सभी को यह भी याद दिलाया कि 15 मार्च 2001 को कोलकाता के ईडन गार्डन्स में भारत द्वारा जीते गए ऐतिहासिक टेस्ट मैच की 25वीं वर्षगांठ है। उन्होंने कहा, "आप सभी जानते हैं कि आज 15 मार्च है। हालांकि, मुझे याद दिलाने में थोड़ी देर हो गई है, फिर भी मैं आप सभी को 11 से 15 मार्च, 2001 को कोलकाता में खेले गए उस टेस्ट मैच की याद दिलाना चाहूँगा, जिसे हमने 276 रनों से जीता था। वीवीएस लक्ष्मण ने 281 रन बनाए थे और राहुल द्रविड़ ने 180 रन। इन दोनों की बदौलत हम वह टेस्ट मैच जीत पाए थे, जो एक समय हाथ से निकलता हुआ लग रहा था। इसी कारण 15 मार्च का दिन हमारे लिए बहुत खास है।"
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   15 March 2026 8:52 PM IST











