आरती सिंह राव शूटिंग और राजनीति दोनों क्षेत्र में हासिल की बड़ी सफलता

आरती सिंह राव शूटिंग और राजनीति दोनों क्षेत्र में हासिल की बड़ी सफलता
भारत में स्कीट निशानेबाजी में सबसे जाना-पहचाना नाम आरती सिंह राव का है। राव ने स्कीट निशानेबाजी में अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में देश के लिए पदक जीता है।

नई दिल्ली, 2 जुलाई (आईएएनएस)। भारत में स्कीट निशानेबाजी में सबसे जाना-पहचाना नाम आरती सिंह राव का है। राव ने स्कीट निशानेबाजी में अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में देश के लिए पदक जीता है।

आरती सिंह राव का जन्म 3 जुलाई 1979 को रेवाड़ी, हरियाणा में हुआ था। राव का परिवार निशानेबाजी और राजनीति में सक्रिय रहा है और यही वजह है कि दोनों क्षेत्रों में इन्होंने भी खुद को स्थापित किया है।

राव का निशानेबाजी से परिचय बड़ा डरावना था। बचपन में एक दिन घर पर गोली चलने की आवाज सुनकर वह घबरा गई थीं। उनकी मां ने तब उन्हें बताया था कि पिता राव इंद्रजीत सिंह शूटिंग का अभ्यास कर रहे हैं। राव इंद्रजीत सिंह आरती के मन से डर निकालने के लिए उन्हें अपने साथ अभ्यास पर ले जाने लगे। यही अनुभव आगे चलकर उनके सफल शूटिंग करियर की नींव बना। आरती ने रायफल थामी और अपनी सटीक निशानेबाजी से बड़ी तेजी से अपनी पहचान बनाई।

आरती ने दिग्गज निशानेबाज मनशेर सिंह के 14 बार के राष्ट्रीय चैंपियन बनने के रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ दिया। उन्होंने देश के लिए एशियन चैंपियनशिप में चार पदक जीते। 2003 में नई दिल्ली में महिला स्कीट स्पर्धा में रजत पदक हासिल किया। इसके बाद 2004 में बैंकॉक में कांस्य, 2005 में स्वर्ण और 2009 में रजत पदक जीतकर देश का नाम रोशन किया।

दिल्ली विश्वविद्यालय से शिक्षा प्राप्त करने वाली आरती का परिवार हरियाणा का प्रमुख राजनीतिक परिवार रहा है। उनके दादा राव बीरेंद्र सिंह हरियाणा के मुख्यमंत्री रह चुके हैं, जबकि उनके पिता राव इंद्रजीत सिंह केंद्र सरकार में मंत्री हैं।

खेल के बाद आरती राजनीति के क्षेत्र में सक्रिय हैं। वर्ष 2024 के हरियाणा विधानसभा चुनाव में वह राज्य की अटेली सीट से विधायक बनीं। वर्तमान में वह हरियाणा सरकार में स्वास्थ्य मंत्री हैं। वह हरियाणा पैरा स्पोर्ट्स एसोसिएशन की अध्यक्ष के रूप में भी खिलाड़ियों को प्रोत्साहित कर रही हैं।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   2 July 2026 7:40 PM IST

Tags

Next Story