आत्महत्या के लिए उकसाने और 25 लाख हड़पने के मामले में एक वांछित आरोपी गिरफ्तार
ग्रेटर नोएडा, 7 अगस्त (आईएएनएस)। गौतमबुद्धनगर के थाना दनकौर क्षेत्र में 25 लाख रुपये के लेन-देन से जुड़े एक गंभीर मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी पर मृतक से रुपये लेने, वापस न करने, अभद्र व्यवहार करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप है। इसी घटनाक्रम से आहत होकर युवक द्वारा विषैले पदार्थ का सेवन किए जाने और उपचार के दौरान उसकी मृत्यु होने का मामला सामने आया था।
पुलिस के मुताबिक, इस मामले में 1 अगस्त 2026 को मृतक नवीन शर्मा की पत्नी ने थाना दनकौर में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि यशपाल शर्मा और उसके पुत्र विजयपाल शर्मा ने नवीन शर्मा से 25 लाख रुपये नकद लिए थे। जब नवीन शर्मा ने अपने रुपये वापस मांगे तो आरोपियों ने पैसे लौटाने से इनकार कर दिया। इतना ही नहीं, उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया और उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी गई।
शिकायत के अनुसार, आरोपियों के इस व्यवहार से नवीन शर्मा मानसिक रूप से बेहद परेशान हो गए। तनाव और निराशा के चलते उन्होंने विषैले पदार्थ का सेवन कर लिया। परिजनों ने उन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। घटना के बाद परिजनों की तहरीर के आधार पर थाना दनकौर में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने मामले में नामजद आरोपियों की तलाश तेज कर दी।
इसी क्रम में शुक्रवार को थाना दनकौर पुलिस ने मैनुअल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए वांछित आरोपी विनय कुमार शर्मा उर्फ विजयपाल को थाना बीटा-2 क्षेत्र के मकोड़ा गोल चक्कर के पास से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान विनय कुमार शर्मा उर्फ विजयपाल, पुत्र यशपाल शर्मा, निवासी ग्राम धनौरी खुर्द, थाना दनकौर, गौतमबुद्धनगर तथा वर्तमान निवासी बीटा-1, थाना बीटा-2, गौतमबुद्धनगर के रूप में हुई है। उसकी उम्र लगभग 22 वर्ष बताई गई है।
पुलिस ने बताया कि इस मामले में थाना दनकौर पर मुकदमा दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। वहीं, मामले में अन्य नामजद आरोपियों की तलाश भी जारी है और पुलिस का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
--आईएएनएस
पीकेटी/पीएम
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   7 Aug 2026 7:33 PM IST












