अभिषेक बनर्जी ने शशि पांजा के आवास पर हुए हमले की निंदा की, भाजपा की संस्कृति पर उठाए सवाल

अभिषेक बनर्जी ने शशि पांजा के आवास पर हुए हमले की निंदा की, भाजपा की संस्कृति पर उठाए सवाल
पश्चिम बंगाल की कैबिनेट मंत्री शशि पांजा के आवास पर हुए हमले को लेकर तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी ने भाजपा पर जुबानी हमला किया। अभिषेक बनर्जी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर घटना की कड़ी निंदा की और इसे लोकतंत्र व महिलाओं की सुरक्षा पर हमला बताया।

कोलकाता, 14 मार्च (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल की कैबिनेट मंत्री शशि पांजा के आवास पर हुए हमले को लेकर तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी ने भाजपा पर जुबानी हमला किया। अभिषेक बनर्जी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर घटना की कड़ी निंदा की और इसे लोकतंत्र व महिलाओं की सुरक्षा पर हमला बताया।

अभिषेक बनर्जी ने अपने पोस्ट में कहा कि वह मंत्री शशि पांजा पर हुए कायरतापूर्ण और बेहद निंदनीय हमले की कड़े शब्दों में निंदा करते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि हमलावरों ने मंत्री के घर में तोड़फोड़ की, उसे बुरी तरह नुकसान पहुंचाया और पार्टी कार्यकर्ताओं व समर्थकों की बेरहमी से पिटाई की। उन्होंने कहा कि हमले के दौरान खुद मंत्री शशि पांजा को भी निशाना बनाया गया। उन पर पत्थर और ईंटें फेंकी गईं, जिससे वह घायल हो गईं। अभिषेक बनर्जी ने आरोप लगाया कि यह हमला उस समय हुआ जब शहर में प्रधानमंत्री की मौजूदगी के कारण भाजपा समर्थक “हौसला बुलंद” होकर खुलेआम हिंसा कर रहे थे।

टीएमसी नेता ने पोस्ट में आगे कहा कि दिनदहाड़े एक कार्यरत कैबिनेट मंत्री पर हमला सिर्फ एक व्यक्ति पर हमला नहीं है, बल्कि यह बंगाल की हर महिला के सम्मान और सुरक्षा पर हमला है। उन्होंने अपने पोस्ट में 2019 की घटना का भी जिक्र किया। बनर्जी ने कहा कि इससे पहले भी भाजपा की रैली के दौरान समाज सुधारक ईश्वर चंद्र विद्यासागर की प्रतिमा को तोड़कर उसका अपमान किया गया था। उनके मुताबिक, यह भाजपा की राजनीतिक संस्कृति को दर्शाता है।

भाजपा पर बाहरी ताकतों के जरिए बंगाल की राजनीति को भड़काने का आरोप लगाते हुए अभिषेक बनर्जी ने कहा कि 'बोहिरागोटो भाजपा जमींदार' उकसावे की राजनीति को राज्य में आयात करना चाहते हैं। उनका मकसद शांति को नष्ट करना और डर का माहौल पैदा करना है।

उन्होंने चेतावनी देते हुए आगे कहा कि बंगाल में ऐसी घटनाओं को न तो माफ किया जाएगा और न ही भुलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि बंगाल की जनता भाजपा की केसरिया गुंडागर्दी को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं करेगी।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   14 March 2026 9:19 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story