आगरा जेल में बंद कांग्रेस कार्यकर्ताओं से मिले अजय कुमार लल्लू, ज्ञानेश कुमार पर साधा निशाना
आगरा, 1 अक्टूबर (आईएएनएस)। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के घर के बाहर 'गद्दार' लिखने के मामले में जिला कारागार में बंद कांग्रेस कार्यकर्ताओं से उत्तर प्रदेश कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने मुलाकात की। कार्यकर्ताओं से मुलाकात के बाद उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर तीखा हमला बोला और चुनाव प्रक्रिया को लेकर गंभीर आरोप लगाए।
ज्ञानेश कुमार को 'गद्दार' और 'देशद्रोही' बताते हुए अजय कुमार लल्लू ने कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त की भूमिका से देश के लोकतंत्र, किसानों और युवाओं के भविष्य को नुकसान पहुंचा है। इस मामले में अगर कांग्रेस कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया है तो उन्हें भी गिरफ्तार किया जाए और उनका नाम भी मुकदमे में जोड़ा जाए। अगर किसी व्यक्ति को चोर या गद्दार कहना अपराध माना जा रहा है तो वे इस बात को लेकर भी अपनी आवाज उठाते रहेंगे। कांग्रेस कार्यकर्ता गांव, गली, चौराहों और दीवारों पर भी चुनावी प्रक्रिया को लेकर अपना विरोध दर्ज कराएंगे।
अजय कुमार लल्लू ने चुनावों में 'वोट चोरी' के आरोपों को भी दोहराया। उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार चुनाव में कथित वोट चोरी के जरिए सत्ता में आई है। उन्होंने कहा कि ज्ञानेश कुमार की भूमिका को लेकर कांग्रेस लगातार सवाल उठाती रही है और पार्टी चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्षता की मांग कर रही है।
मुख्य चुनाव आयुक्त की नियुक्ति प्रक्रिया में बदलाव का मुद्दा उठाते हुए उन्होंने दावा किया कि पहले चुनाव आयुक्त की नियुक्ति से जुड़ी प्रक्रिया में प्रधानमंत्री, नेता प्रतिपक्ष और सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश की भूमिका होती थी।
उन्होंने आरोप लगाया कि कानून में बदलाव के बाद सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश की जगह सरकार द्वारा नामित मंत्री को चयन प्रक्रिया में शामिल किया गया है। उन्होंने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि नियुक्ति प्रक्रिया में सरकार का प्रभाव बढ़ गया है। लल्लू ने आगे कहा कि चुनाव आयोग जैसी संवैधानिक संस्था की निष्पक्षता लोकतंत्र के लिए महत्वपूर्ण है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   1 Oct 2026 4:32 PM IST












