अजीत अगरकर वनडे विश्व कप 2027 तक चयन समिति के प्रमुख पद पर रहना चाहते हैं रिपोर्ट
नई दिल्ली, 19 मार्च (आईएएनएस)। भारतीय क्रिकेट टीम के मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर ने बीसीसीआई से अपना कार्यकाल बढ़ाने की मांग की है। अगरकर अपना कार्यकाल वनडे विश्व कप 2027 तक बढ़वाना चाहते हैं।
एक रिपोर्ट के मुताबिक, अजीत अगरकर ने भारतीय क्रिकेट टीम के टी20 विश्व कप 2026 जीतने के बाद बीसीसीआई से मुख्य चयनकर्ता के रूप में अपना कार्यकाल बढ़ाने के लिए संपर्क किया है। अगरकर 2027 वनडे विश्व कप तक इस पद पर बने रहना चाहते हैं।
रिपोर्ट के मुताबिक बीसीसीआई फिलहाल अगरकर के अनुरोध पर विचार कर रहा है। मुख्य चयनकर्ता के रूप में अजीत अगरकर की जगह लेने के लिए एक पूर्व भारतीय क्रिकेटर का नाम भी चर्चा में है, लेकिन फिलहाल इस पर कोई निर्णय बोर्ड की तरफ से नहीं लिया गया है।
अजीत अगरकर जून 2023 में चयन समिति के प्रमुख बने थे। एक एक्सटेंशन के बाद उनका कार्यकाल जून 2026 तक है। मुख्य चयनकर्ता के रूप में अगरकर का कार्यकाल बेहद सफल रहा है। उनके कार्यकाल में भारत ने दो टी20 विश्व कप और एक चैंपियंस ट्रॉफी जीती है। 2023 और 2025 का एशिया कप भी भारत ने जीता है।
हालांकि, टेस्ट क्रिकेट में उम्मीद के विपरीत परिणाम मिले हैं। भारतीय टीम पिछली बार बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के फाइनल में जगह बनाने से चूक गई। न्यूजीलैंड और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ घरेलू सीरीज में क्लिन स्विप भारतीय टीम को झेलना पड़ा। रोहित, विराट ने टेस्ट से तो अश्विन जैसे दिग्गज ने क्रिकेट के सभी फॉर्मेट को अचानक अलविदा कह दिया था। इसकी वजह चयन समिति की तरफ से टेस्ट क्रिकेट में उनके भविष्य की अनिश्चितता को माना गया था।
अजीत अगरकर के मुख्य चयनकर्ता रहते भारतीय टीम ने सीमित ओवरों की क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन किया है और आईसीसी, एसीसी प्रतियोगिताओं में अपना दबदबा बनाया है। इसके आधार पर बीसीसीआई अगरकर के कार्यकाल को बढ़ावा देता है या नहीं, इस पर तस्वीर कुछ दिनों में स्पष्ट हो जाएगी।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   19 March 2026 2:31 PM IST












