अलका लांबा का बयान सनातन विरोधी मानसिकता को दिखाता है आरपी सिंह

नई दिल्ली, 9 नवंबर (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता आरपी सिंह ने कांग्रेस नेता अलका लांबा के एक्स पोस्ट को लेकर तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि लांबा का बयान दिखाता है कि उन्हें सनातन धर्म से जुड़े हर त्योहार से चिढ़ है। आरपी सिंह ने पंजाब में पराली जलाने के मामलों में अचानक बढ़ोतरी, राहुल गांधी पर विदेशी टूलकिट वाले आरोप और पंजाब पीसीएस परीक्षा में गड़बड़ी को लेकर भी कांग्रेस और आप सरकार को घेरा।
आरपी सिंह ने कहा, "अलका लांबा ने जो बयान दिया है, उससे यह दिखता है कि ये सनातन विरोधी हैं, उन्हें दिवाली से चिढ़ है। उन्हें हिंदुस्तान के हर उस त्योहार से चिढ़ है, जो सनातन धर्म से जुड़ा हुआ है। पटाखे और आतिशबाजी दिवाली में सदियों से होती आ रही है, लेकिन उन्हें उससे भी परेशानी है। इसलिए वे इस प्रकार के बयान देती हैं।"
उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल ने इस बार दिवाली पर दिल्ली वालों से हार का बदला लिया है। लगभग 1200 से अधिक पराली जलाने के मामले कल रात दर्ज हुए। सैटेलाइट के माध्यम से इसकी जानकारी मिली, लेकिन एक भी मामले में मुकदमा दर्ज नहीं हुआ, जबकि पहले प्रतिदिन औसतन 100 से 150 मामलों के आसपास संख्या रहती थी। अचानक इतनी वृद्धि होना कहीं न कहीं यह संकेत देता है कि वहां की सरकार ने जानबूझकर शरारतपूर्ण ढंग से किसानों का उपयोग करके वहां पर पराली जलवाई ताकि इसका मैसेज दिल्ली में जाए।
भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि लाल कृष्ण आडवाणी उन लोगों में से हैं, जिन्होंने भारत की धरोहर को संभालकर रखा। उन्होंने सिंधु से लेकर राम मंदिर तक भारत की सांस्कृतिक धरोहर और सभ्यता के मुद्दों को मुख्यधारा में लाने का काम किया।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी को घेरते हुए उन्होंने कहा कि इसमें कोई संदेह नहीं है कि राहुल गांधी विदेशी टूलकिट की तरह काम कर रहे हैं। जब वे विदेश जाकर पश्चिमी देशों और अमेरिका से भारतीय लोकतंत्र में हस्तक्षेप की बात करते हैं और फिर एलन मस्क से मिलते हैं, जो भारत और कश्मीर को लेकर विवादित विचार रखते हैं, तो इससे सवाल खड़े होते हैं। उनके सलाहकार सैम पित्रोदा ने स्पष्ट रूप से जॉर्ज सोरोस का उल्लेख किया था। अब इसका जवाब राहुल गांधी को देना चाहिए कि यदि जॉर्ज सोरोस ने धन खर्च किया तो वह किस उद्देश्य से और किस माध्यम से किया गया। क्या देश के भीतर अस्थिरता का माहौल बनाने की कोशिश की जा रही थी, यह जनता जानना चाहती है।
पंजाब पीसीएस परीक्षा में गड़बड़ी को लेकर उन्होंने कहा कि परीक्षा में जिस प्रकार की गड़बड़ी हुई, उसको लेकर कोर्ट ने भी स्पष्ट टिप्पणी की कि अनियमितताएं हुई हैं। इसके बावजूद संबंधित सरकार चुप्पी साधे हुए है। इसी कारण तरुण चुघ ने पत्र लिखकर मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच हो और संबंधित चेयरमैन को तत्काल इस्तीफा देना चाहिए, क्योंकि उनके कार्यकाल में यह गड़बड़ी हुई है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :  
