अमेरिका-ईरान तनाव पर शांति वार्ता सफलता पर ही तय होगा पाकिस्तान का कद, नोबल की चर्चा जल्दबाजी मौलाना तकवी

अमेरिका-ईरान तनाव पर शांति वार्ता सफलता पर ही तय होगा पाकिस्तान का कद, नोबल की चर्चा जल्दबाजी मौलाना तकवी
अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच जारी तनाव के बीच संभावित सीजफायर और शांति वार्ता को लेकर पाकिस्तान में बैठकों का दौर तेज हो गया है। इसी मुद्दे पर शिया धर्मगुरु और मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड के उपाध्यक्ष मौलाना सैय्यद मोहसिन तकवी ने प्रतिक्रिया दी।

नई दिल्‍ली, 11 अप्रैल (आईएएनएस)। अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच जारी तनाव के बीच संभावित सीजफायर और शांति वार्ता को लेकर पाकिस्तान में बैठकों का दौर तेज हो गया है। इसी मुद्दे पर शिया धर्मगुरु और मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड के उपाध्यक्ष मौलाना सैय्यद मोहसिन तकवी ने प्रतिक्रिया दी।

उन्‍होंने कहा कि शांति वार्ता में पाकिस्‍तान का कद तभी माना जा सकता है जब यह शांति वार्ता कामयाब हो जाए और वह अहम भूमिका निभा पाए। उन्‍होंने कहा कि नोबल पुरस्कार की बात अभी दूर है।

सैय्यद मोहसिन तकवी ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत करते हुए कहा कि पाकिस्तान के कद में बढ़ोतरी की बात तभी की जा सकती है जब यह शांति वार्ता सफल हो और उसमें पाकिस्तान कोई ठोस और प्रभावी भूमिका निभा सके। फिलहाल, यह कहना जल्दबाजी होगा और आने वाला समय ही तय करेगा कि इस पहल का क्या परिणाम निकलता है।

उन्होंने आगे कहा कि इस तरह की अंतरराष्ट्रीय शांति वार्ताओं में केवल मेजबानी करना ही पर्याप्त नहीं होता, बल्कि वास्तविक भूमिका उस देश की होती है, जो समाधान निकालता है। वर्तमान स्थिति में पाकिस्तान की भूमिका सीमित नजर आ रही है और अभी यह स्पष्ट नहीं है कि वह इस प्रक्रिया में कितना प्रभाव डाल पाएगा।

नोबेल पुरस्कार से जुड़े सवाल पर मौलाना सैय्यद मोहसिन तकवी ने कहा कि इस तरह की चर्चा करना अभी बहुत जल्दबाजी होगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि सबसे पहले शांति वार्ता का सफल होना आवश्यक है, उसके बाद ही किसी प्रकार के सम्मान या पुरस्कार पर विचार किया जा सकता है। उनके अनुसार, पाकिस्तान की भूमिका फिलहाल केवल वार्ता के आयोजन स्थल तक सीमित है। हालांकि वहां की सियासी हस्तियां कुछ हद तक सक्रिय जरूर हैं।

उन्होंने यह भी कहा कि नोबेल पुरस्कार जैसी प्रतिष्ठित मान्यता के लिए किसी देश की निर्णायक और प्रभावशाली भूमिका जरूरी होती है, जो अभी इस परिदृश्य में दिखाई नहीं दे रही है, इसलिए यह कहना मुश्किल है कि पाकिस्तान को इस पहल के लिए ऐसा कोई अंतरराष्ट्रीय सम्मान मिल पाएगा।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   11 April 2026 6:30 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story