गृह मंत्री अमित शाह के बयान पर एनडीए एकजुट, कहा-चुनाव आयोग पर सवाल उठाकर अराजकता फैला रही कांग्रेस

गृह मंत्री अमित शाह के बयान पर एनडीए एकजुट, कहा-चुनाव आयोग पर सवाल उठाकर अराजकता फैला रही कांग्रेस
नई दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित इंडी गठबंधन की रैली पर गृह मंत्री अमित शाह ने सवाल उठाते हुए कांग्रेस और राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला। गृह मंत्री के बयान पर एनडीए के तमाम नेताओं ने सहमति जताई है।

नई दिल्ली, 1 नवंबर (आईएएनएस)। नई दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित इंडी गठबंधन की रैली पर गृह मंत्री अमित शाह ने सवाल उठाते हुए कांग्रेस और राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला। गृह मंत्री के बयान पर एनडीए के तमाम नेताओं ने सहमति जताई है।

आईएएनएस से बातचीत में राष्ट्रीय लोकतांत्रिक मोर्चा के अध्यक्ष और राज्यसभा सदस्य उपेंद्र कुशवाहा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी का रवैया आजकल सवालों के घेरे में है। चुनाव आयोग को लेकर सारी बातें स्पष्ट हो चुकी हैं, उसके बाद भी इस मामले को लेकर आंदोलन करने की बात की जा रही है। इससे संस्थाएं कमजोर होंगी और देश को नुकसान होगा। ऐसे में गृह मंत्री अमित शाह ने जो कहा है, वह ठीक ही कहा है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस विपक्ष में है, आंदोलन करना उसका पूरा अधिकार है, लेकिन आंदोलन कैसे और किस मुद्दे पर करना है, इस पर उसे गंभीरता से विचार करना चाहिए।

भाजपा सांसद राजीव प्रताप रूडी ने कहा कि कांग्रेस के पास कोई मुद्दा नहीं है। संवैधानिक संस्थाओं को चुनौती देकर राजनीति करने को देश की जनता अराजकता ही मानेगी। जिस तरह के काम किए जा रहे हैं, उससे अराजकता ही फैल रही है। इससे माहौल कांग्रेस के खिलाफ ही जा रहा है। गृह मंत्री अमित शाह ने जो कहा है, वह सही दिखाई दे रहा है।

उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री दयाशंकर सिंह ने कहा कि राहुल गांधी लोकतंत्र को कमजोर करने की कोशिश कर रहे हैं। भारत के मान-सम्मान को ठेस पहुंचाने का प्रयास कर रहे हैं। विदेशों में भी जाकर देश के बारे में ऐसी बातें करते हैं, जिनका गलत प्रभाव पड़ता है। उन्होंने कहा कि गृह मंत्री जो कहते हैं, वह करते हैं। आज देश में नक्सलवाद काफी हद तक समाप्त हो गया है तो उसके पीछे गृह मंत्री की भूमिका है। अब उन्होंने नशे को खत्म करने का आह्वान किया है तो वह भी सफल जरूर होंगे।

विपक्ष के वोट चोरी के आरोपों पर उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री मनोज कुमार पांडेय ने तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि यही लोग चुनाव आयोग के माध्यम से लंबे समय तक सत्ता में रहे हैं और अब वोट चोरी की बात कर रहे हैं। ये लोग हिमाचल प्रदेश, पंजाब, कर्नाटक और केरल में मिली जीत पर खुशियां मनाते हैं और हार जाने पर चुनाव आयोग पर उंगली उठाते हैं।

उन्होंने कहा कि अपने हाथ में संविधान लेकर चलने वाले लोग आज संविधान का अपमान कर रहे हैं। चुनी हुई सरकारों, लोकसभा अध्यक्ष, सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीशों और सेना पर सवाल उठाने वालों को जनता समझ रही है कि वे उसे धोखा दे रहे हैं।

उन्होंने कहा कि ये हारे हुए लोग हैं। दीपावली के पर्व के बीच ये लोग प्रदर्शन कर रहे हैं। ये सनातन विरोधी लोग हैं और जनता इन्हें फिर से जवाब देगी।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :  

Tags

Next Story