शुरुआत में गेंदबाजी का मौका मिलने से हम परिस्थितियों का फायदा उठा सके एडम मिल्ने

शुरुआत में गेंदबाजी का मौका मिलने से हम परिस्थितियों का फायदा उठा सके एडम मिल्ने
दाएं हाथ के तेज गेंदबाज एडम मिल्ने रविवार को सेडन पार्क में खेले गए पांचवें और अंतिम टी20 मैच में न्यूजीलैंड की जीत के हीरो साबित हुए। मिल्ने ने 4 ओवरों में 19 रन देकर 4 विकेट हासिल किए। शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुना गया।

हैमिल्टन, 1 नवंबर (आईएएनएस)। दाएं हाथ के तेज गेंदबाज एडम मिल्ने रविवार को सेडन पार्क में खेले गए पांचवें और अंतिम टी20 मैच में न्यूजीलैंड की जीत के हीरो साबित हुए। मिल्ने ने 4 ओवरों में 19 रन देकर 4 विकेट हासिल किए। शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुना गया।

न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया। ऐसा पहली बार था, जब इस सीरीज में सिक्के का उछाल कीवी टीम के पक्ष में रहा। भारत को 191/8 के स्कोर पर रोकने के बाद न्यूजीलैंड ने 18 ओवरों में 7 विकेट शेष रहते मैच अपने नाम कर लिया। हालांकि, सीरीज भारत ने 3-2 से अपने नाम की।

जीत के बाद एडम मिल्ने ने कहा, "हां, टॉस जीतना हमेशा अच्छा लगता है। यह पांच मुकाबलों में एक बार ही हुआ, लेकिन शुरुआत में गेंदबाजी करने का मौका मिलना अच्छा रहा और हम परिस्थितियों का फायदा उठा सके। नई गेंद के साथ हवा में थोड़ी मूवमेंट थी, जो एक ओपनिंग गेंदबाज के तौर पर काफी मददगार होती है। इसके बाद गेंद की अनियमित उछाल का भी हमारे गेंदबाजों ने अच्छा इस्तेमाल किया।"

पूरी सीरीज में सीमित स्विंग मिलने पर मिल्ने ने कहा, "नहीं, तब तो नहीं जब बल्लेबाज पहली और दूसरी ही गेंद पर गेंद को बाउंड्री लाइन के पार पहुंचा दें। लेकिन हां, यह आसान नहीं था। बीच-बीच में थोड़ी स्विंग जरूर मिली। कुछ मैच खेलने के बाद हमने काफी कुछ सीखा। हमने अपनी रणनीति में बदलाव किया और ऐसी पिचों पर खेले जहां थोड़ी ज्यादा उछाल थी। इससे निश्चित रूप से हमें मदद मिली।"

मिडल ओवर्स में गति में बदलाव, तेज शॉर्ट गेंदों और स्लोअर बॉल के इस्तेमाल पर मिल्ने ने कहा, "हम सभी की गेंदबाजों को लेकर अपनी-अपनी योजनाएं होती हैं। टिक्स (ब्लेयर टिकनर) ने मिडल ओवर्स में शानदार गेंदबाजी की। उन्होंने अपनी नकल बॉल, धीमी गेंदों और शॉर्ट गेंदों का बेहतरीन उपयोग किया। यह हमारी रणनीति का अहम हिस्सा था।"

सीरीज के दौरान अपने अनुभव, फिटनेस और वनडे सीरीज से पहले टीम की प्रगति पर 34 वर्षीय खिलाड़ी ने कहा, "मेरा शरीर पूरी तरह ठीक है। चार मैच खेलकर अच्छा लगा। टीम के तौर पर भी हमने अपने प्रदर्शन में लगातार सुधार किया। सीरीज की शुरुआत निराशाजनक रही थी, लेकिन उम्मीद है कि लड़के इस लय और आत्मविश्वास को वनडे सीरीज में भी लेकर जाएंगे।"

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :  

Tags

Next Story