अमृतसर गगनदीप सुसाइड केस परिवार ने सरकार को दिया 24 घंटे का अल्टीमेटम, पूर्व मंत्री भुल्लर को गिरफ्तार करने की मांग
अमृतसर, 23 मार्च (आईएएनएस)। पंजाब वेयरहाउसिंग कॉर्पोरेशन (पीडब्ल्यूसी) के जिला प्रबंधक गगनदीप सिंह रंधावा की मौत के बाद परिवार ने सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर 24 घंटे में आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो हम सड़कों पर उतरेंगे और अपनी भी कुर्बानी देंगे।
पीडब्ल्यूसी गगनदीप सिंह रंधावा की मौत के मामले में पंजाब के पूर्व मंत्री लालजीत भुल्लर पर उन्हें प्रताड़ित करने के आरोप हैं। गगनदीप ने आत्महत्या से पहले एक वीडियो भी बनाया था, जिसमें उन्होंने पूर्व मंत्री का नाम लिया। परिवार ने पंजाब के लोगों से अपील की है कि इस दुख में वे हमारे पीड़ित परिवार के साथ आकर खड़े हों और अपना सहयोग दें।
गगनदीप सिंह रंधावा की पत्नी ने सोमवार को कहा कि 21 मार्च को उनकी मौत हुई थी, लेकिन आज 23 तारीख हो चुकी है, लेकिन इस मामले में कुछ नहीं हुआ है। हमारी मांग थी कि आरोपी को गिरफ्तार किया जाए, लेकिन सरकार ने कुछ नहीं किया। उन्होंने सरकार को 24 घंटे का अल्टीमेटम देते हुए कहा कि अगर कुछ नहीं हुआ तो हम अपने बच्चों को साथ लेकर सड़कों पर उतरेंगे। हम लोग भी अपनी कुर्बानी देंगे। उन्होंने यह भी कहा कि अगर पंजाब सरकार हमारी बात नहीं सुनती है तो हम सीबीआई जांच की मांग करेंगे।
गगनदीप एक रिश्तेदार ने कहा, "गगनदीप सिंह रंधावा यह बोलकर गया कि मेरे बलि हो रही है, लेकिन यह व्यर्थ नहीं जानी चाहिए। आज ये गगनदीप सिंह रंधावा के साथ हुआ है, अगर सरकार ने गलत लोगों को नहीं रोका तो कल किसी और के साथ भी हो सकता है। सरकार से विनती है कि इस मामले को ज्यादा लंबा नहीं खींचा जाए।"
उन्होंने मांग करते हुए कहा कि कातिलों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करके सलाखों के पीछे भेजा जाना चाहिए।
गगनदीप सिंह रंधावा की बेटी ने कहा, "वे (आरोपी पक्ष) कहते हैं कि आरोप बेबुनियाद हैं। इसमें कोई सबूत नहीं है। लेकिन मेरे पापा की मौत के मामले में पुख्ता सबूत हैं। उन्हें ऑफिशियल नंबर से 10 बार कॉल आई थी। इसकी टेक्निकल और फॉरेंसिक जांच होनी चाहिए, जिससे सारी चीजें सामने आ जाएंगी। आरोपी को तुरंत गिरफ्तार किया जाए और उन्हें जमानत भी नहीं मिलनी चाहिए।"
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   23 March 2026 1:03 PM IST












