आर्थिक चुनौतियों के बीच बोलिविया के राष्ट्रपति ने की भविष्य के स्थानीय प्राधिकारियों से एकजुटता की अपील
ला पाज, 23 मार्च (आईएएनएस)। बोलीविया में रविवार को स्थानीय और क्षेत्रीय निकायों के चुनाव संपन्न हुए, जिन्हें वहां 'सब-नेशनल' चुनाव कहा जाता है। मतदान के पश्चात राष्ट्रपति रोड्रिगो पाज परेरा ने भविष्य के स्थानीय प्राधिकारियों से एकजुटता की अपील की। उन्होंने जोर देकर कहा कि देश के समक्ष मौजूद आर्थिक संकट और संस्थागत चुनौतियों से निपटने के लिए आगामी स्थानीय प्रशासनों को केंद्र सरकार के साथ बेहतर समन्वय और सहयोग बनाकर कार्य करना होगा।
राष्ट्रपति पाज परेरा ने स्थानीय समयानुसार रविवार को दक्षिणी शहर तारिजा में वोट डालने के बाद यह अपील की। बता दें, बोलिविया में 2026-2031 के कार्यकाल के लिए गवर्नर, मेयर और स्थानीय विधायक समेत 5,400 से ज्यादा अधिकारियों को चुनने के लिए चुनाव का आयोजन किया गया।
उन्होंने कहा, "हम लोगों की मर्जी से चुने गए लोगों के साथ काम करेंगे। चुनाव लोकतंत्र को मजबूत करने और नागरिकों की भागीदारी को बढ़ावा देने का मौका देते हैं।"
न्यूज एजेंसी सिन्हुआ रिपोर्ट के अनुसार, बोलीवियाई राष्ट्रपति ने कहा कि मौजूदा हालात में देश को फिर से खड़ा करने के लिए एक कॉमन एजेंडा पर काम करने के लिए केंद्र सरकार, क्षेत्रीय प्राधिकरणों और विधायिका के बीच मिलकर कोशिश करने की जरूरत है।
राष्ट्रपति ने आर्थिक मैनेजमेंट, अंतरराष्ट्रीय जुड़ाव, सुरक्षा और भ्रष्टाचार के विरूद्ध कोशिशों में अपनी सरकार के विकास पर भी जोर दिया।
चुनाव के लिए 33,000 से ज्यादा पोलिंग स्टेशन बनाए गए, जहां 74 लाख से ज्यादा योग्य वोटरों के लोकतंत्र के इस पर्व में हिस्सा लेने की उम्मीद थी।
सबनेशनल चुनावों में पारदर्शिता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पूरे देश में लगभग 250,000 लोगों को तैनात किया गया। सुप्रीम इलेक्टोरल ट्रिब्यूनल (टीएसई) के सदस्य कार्लोस अल्बर्टो गोइटिया के अनुसार, इस तैनाती में सभी नौ विभाग और 340 नगर पालिकाएं शामिल थीं, जहां 2026-2031 के कार्यकाल के लिए 5,400 से ज्यादा अधिकारी चुने जाएंगे।
इस तैनाती में 2,00,630 से अधिक चुनावी जूरी सदस्यों को शामिल किया गया, जिन्हें अस्थायी कर्मचारियों, पुलिस, सेना के जवानों और वकीलों के साथ 33,000 से ज्यादा मतदान केंद्रों पर नियुक्त किया गया था।
इन चुनावों में करीब 18,000 उम्मीदवार मैदान में थे, जो इस पूरी प्रक्रिया के व्यापक और जटिल स्वरूप को दर्शाता है। वहीं, लगभग 17,000 अस्थायी कर्मचारियों ने शुरुआती नतीजों के ट्रांसमिशन सिस्टम में सहयोग दिया, ताकि मतदान के प्रारंभिक रुझान सामने आ सकें।
चुनाव सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए 32,000 से ज्यादा पुलिस अधिकारियों को तैनात किया गया था। वहीं देश की सेना लॉजिस्टिक मदद के लिए तत्पर थी।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   23 March 2026 1:00 PM IST












