'लालजीत भुल्लर को बचाने की कोशिश कर रही पंजाब सरकार', गगनदीप रंधावा के परिवार के साथ आए भाजपा-अकाली दल
चंडीगढ़, 23 मार्च (आईएएनएस)। पंजाब वेयरहाउसिंग कॉर्पोरेशन (पीडब्ल्यूसी) के जिला प्रबंधक गगनदीप सिंह रंधावा की मौत के बाद राज्य के विपक्षी दलों ने सरकार पर हमला बोला है। भाजपा की पंजाब इकाई ने राज्यभर में प्रदर्शन की घोषणा की है, तो शिरोमणि अकाली दल ने पीड़ित परिवार के लिए पंजाब की जनता से समर्थन मांगा है।
पंजाब भाजपा के अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने सोमवार को एक वीडियो संदेश में कहा, "सरकार अपने मंत्री को उसके गुनाह से बचाने की कोशिश कर रही है। पंजाब की जनता यह देख रही है। गगनदीप सिंह रंधावा का परिवार भी अब न्याय के लिए सड़क पर उतरने की बात कर रहा है। मुख्यमंत्री भगवंत मान को समझ लेना चाहिए कि राज्य की जनता उन्हें माफ नहीं करेगी।"
सुनील जाखड़ ने पीड़ित परिवार को आश्वासन दिया कि भाजपा उसके साथ खड़ी है। हर स्तर पर न्याय के लिए लड़ाई लड़ी जाएगी। भाजपा पूरे पंजाब में जिलास्तर पर धरना-प्रदर्शन कर रही है। उन्होंने बताया कि वे पटियाला में खुद प्रदर्शन में हिस्सा लेंगे और अमृतसर जाकर पीड़ित परिवार से मुलाकात करेंगे।
शिरोमणि अकाली दल के महासचिव बिक्रम सिंह मजीठिया ने कहा कि पंजाब वेयरहाउसिंग कॉर्पोरेशन (पीडब्ल्यूसी) के जिला प्रबंधक गगनदीप सिंह रंधावा के परिवार ने सरकार को कार्रवाई करने के लिए 24 घंटे का समय दिया है, जिसके बाद वे कोई भी कदम उठा सकते हैं। इन सबके बावजूद, सरकार पूर्व मंत्री लालजीत भुल्लर को गिरफ्तार नहीं कर रही है।
उन्होंने कहा, "लोगों को परिवार की बात सुननी चाहिए। यह भी देखना चाहिए कि कैसे भगवंत मान और अरविंद केजरीवाल पंजाब की जनता को मूर्ख बना रहे हैं।"
बिक्रम सिंह मजीठिया ने अपने वीडियो संदेश में कहा, "अगर लालजीत भुल्लर की जगह कोई विपक्षी नेता या दूसरा व्यक्ति होता तो अभी तक पुलिस उसके घर पहुंच चुकी होती और गिरफ्तारी भी हो चुकी होती। लेकिन पंजाब में दो कानून चल रहे हैं। आम आदमी और विपक्षी नेताओं के लिए अलग कानून हैं और सत्तापक्ष के लोगों के लिए अलग कानून हैं। गगनदीप सिंह रंधावा के वीडियो के बावजूद मामले में देरी से एफआईआर दर्ज कराई गई। इसके बाद भी मामले में अब तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है।"
उन्होंने निशाना साधते हुए कहा कि राज्य में ऐसे संवेदनशील माहौल के बीच भगवंत मान, अरविंद केजरीवाल के ड्राइवर बनकर 4 दिवसीय गुजरात दौरे पर जा रहे हैं। पंजाब में चाहे किसी का बेटा या बाप मर जाए, किसी का सुहाग उजड़ जाए, लेकिन भगवंत मान को कोई मतलब नहीं है।
पंजाब के लोगों से अपील करते हुए बिक्रम सिंह मजीठिया ने कहा, "आइए, हम सब मिलकर गगनदीप रंधावा के परिवार का समर्थन करें, ताकि एक काबिल और ईमानदार अधिकारी के परिवार को न्याय मिल सके।"
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   23 March 2026 1:24 PM IST












