अन्ना आंदोलन के लोग अब केजरीवाल के खिलाफ, पंजाब में भय का माहौल तरुण चुघ

अन्ना आंदोलन के लोग अब केजरीवाल के खिलाफ, पंजाब में भय का माहौल तरुण चुघ
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता तरुण चुघ ने शुक्रवार को पंजाब की भगवंत मान सरकार और आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल पर हमला बोलते हुए दोहरे चेहरे की राजनीति, भ्रष्टाचार और सत्ता के दुरुपयोग के गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि अब जनता जवाब मांग रही है।

चंडीगढ़, 3 अप्रैल (आईएएनएस)। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता तरुण चुघ ने शुक्रवार को पंजाब की भगवंत मान सरकार और आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल पर हमला बोलते हुए दोहरे चेहरे की राजनीति, भ्रष्टाचार और सत्ता के दुरुपयोग के गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि अब जनता जवाब मांग रही है।

तरुण चुघ ने कहा कि जो लोग कभी अन्ना हजारे के आंदोलन से जुड़े थे और बदलाव की राजनीति के नाम पर अरविंद केजरीवाल के साथ खड़े हुए थे, आज वही लोग उनके खिलाफ खड़े नजर आ रहे हैं। कुमार विश्वास, स्वाति मालीवाल, किरण बेदी, प्रशांत भूषण और आशुतोष जैसे नामों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि यह एक लंबी सूची है, जो कथित तौर पर पार्टी का असल चेहरा सामने आने के बाद अलग हो गए। उन्होंने आरोप लगाया कि आप का चेहरा लोकतंत्र, संविधान और राष्ट्रीय शक्तियों के विरोध का चेहरा बन गया है। चुघ ने कहा कि पार्टी पर लूट, भ्रष्टाचार, जालसाजी और उगाही जैसे गंभीर आरोप लग रहे हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जो लोग पहले लाल बत्ती और विशेष सुविधाओं का विरोध करते थे, आज वही लोग जेल में भी रेड कारपेट चाहते हैं और विपश्यना जैसे कार्यक्रमों में भी गाड़ियों का काफिला मांगते हैं।

भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि पंजाब के संसाधनों का दुरुपयोग किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य के विमान का इस्तेमाल गोवा और गुजरात जैसे राज्यों के दौरे के लिए किया जा रहा है, जिससे पंजाब की जनता के पैसे की बर्बादी हो रही है। उन्होंने तथाकथित “शीश महल” पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि करोड़ों रुपये के इंटीरियर से आम आदमी पार्टी की कथनी और करनी का अंतर साफ दिखाई देता है। उन्होंने आगे कहा कि आप नेताओं के साथ यूज एंड थ्रो की नीति अपनाई जाती है। उन्होंने राघव चड्ढा सहित कई नेताओं का जिक्र करते हुए कहा कि जो भी पार्टी के भीतर लोकतांत्रिक या सकारात्मक सवाल उठाता है, उसे बाहर का रास्ता दिखा दिया जाता है।

पंजाब की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए चुघ ने कहा कि राज्य में हाल के समय में करीब 20 बड़े धमाके और ग्रेनेड हमले हुए हैं, जिनमें पुलिस स्टेशनों, मंदिरों और यहां तक कि भाजपा मुख्यालय को भी निशाना बनाया गया। उन्होंने इसे बेहद चिंताजनक और दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में रंगदारी, उगाही और दबाव बनाकर टेंडर लेने जैसी गतिविधियां बढ़ रही हैं। चुघ के मुताबिक, उद्योगपतियों, डॉक्टरों और किसानों तक से उगाही की जा रही है, जबकि ड्रग, ट्रांसपोर्ट और खनन माफिया सक्रिय होकर पंजाब को नुकसान पहुंचा रहे हैं।

भगवंत मान सरकार पर निशाना साधते हुए, उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री राज्य की समस्याओं से दूर हैं और अपने नेतृत्व की जिम्मेदारियों को सही तरीके से नहीं निभा पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब में भय का माहौल है और यहां तक कि पुलिसकर्मी भी खुद को सुरक्षित महसूस नहीं कर रहे हैं।

चंडीगढ़ भाजपा के अधीन है, भगवंत मान के इन आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए चुघ ने कहा कि राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगड़ती जा रही है, लेकिन सरकार जिम्मेदारी लेने के बजाय दूसरों पर आरोप मढ़ रही है। पंजाब की जनता अब जवाब चाहती है और आने वाले समय में सरकार को इन सभी मुद्दों पर जवाब देना होगा।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   3 April 2026 5:30 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story