अपनी योजना पर टिके रहते हुए गलतियां करना स्वीकार्य रिकी पोंटिंग

अपनी योजना पर टिके रहते हुए गलतियां करना स्वीकार्य रिकी पोंटिंग
पंजाब किंग्स के मुख्य कोच रिकी पोंटिंग ने आईपीएल 2026 के लिए अपने खिलाड़ियों को एक स्पष्ट संदेश दिया है। पोंटिंग ने कहा है कि गलतियां स्वीकार करें, लेकिन अपनी प्रक्रिया के प्रति प्रतिबद्ध रहें।

नई दिल्ली, 23 मार्च (आईएएनएस)। पंजाब किंग्स के मुख्य कोच रिकी पोंटिंग ने आईपीएल 2026 के लिए अपने खिलाड़ियों को एक स्पष्ट संदेश दिया है। पोंटिंग ने कहा है कि गलतियां स्वीकार करें, लेकिन अपनी प्रक्रिया के प्रति प्रतिबद्ध रहें।

अभ्यास सत्र से पहले पोटिंग ने कहा, "मेरी तरफ से यह बात छोटी और सीधी होगी। यहां वापस आकर बहुत अच्छा लग रहा है। यह महसूस करके बहुत अच्छा लग रहा है। फिर से इतने सारे जाने-पहचाने चेहरे देखकर बहुत खुशी हो रही है। हमने कुछ बदलाव किए हैं। नए खिलाड़ियों का भी हम स्वागत करते हैं।"

पोंटिंग ने कहा, अभ्यास सत्र 31 तारीख को होने वाले पहले मैच के लिए खुद को शारीरिक, तकनीकी और मानसिक रूप से तैयार करने के बारे में है।

पिछले सीजन के बारे में पोंटिंग ने कहा, "मैं चाहता हूं कि आप पीछे मुड़कर सोचें और याद करें कि पिछले साल आपने इस टीम में ऐसा क्या योगदान दिया था, जिसने हमें एक अच्छी टीम बनाया था। पिछले साल मैंने हर दिन जिस एक बात पर जोर दिया था, वह यह थी कि हम शुरू से अंत तक एक अच्छी टीम थे, और हम जिस एक चीज का पीछा कर रहे थे, वह थी एक महान टीम बनना।"

पोटिंग ने आईपीएल 2026 के लिए खिलाड़ियों में हौसला भरते हुए कहा, "गलतियां होती हैं। हम सभी गलतियां करते हैं। यह ठीक है। इस सफर में मुझसे भी गलतियां होंगी, आप सभी से भी गलतियां होंगी, आप कैच छोड़ेंगे, आप खराब शॉट खेलेंगे, आप खराब ओवर डालेंगे, लेकिन जब तक आप अपनी जानकारी और अपनी गेम प्लान पर टिके रहते हैं, और ऐसा करते हुए अगर आपसे कोई गलती हो जाती है, तो मेरी नजर में वह गलती नहीं है। वह तो बस खेल का एक हिस्सा है, खेल में ऐसा होता ही है।"

पोंटिंग ने प्रकिया का आनंद लेते हुए खिलाड़ियों से आगामी सीजन के लिए तैयार रहने की अपील की।

श्रेयस अय्यर की कप्तानी और रिकी पोंटिंग की कोचिंग वाली पंजाब किंग्स 2014 के बाद पहली बार पिछले सीजन (आईपीएल 2025) में फाइनल खेली थी। फाइनल में पंजाब को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था। पंजाब अब तक आईपीएल नहीं जीत सकी है। आईपीएल 2026 में टीम का लक्ष्य अपना पहला खिताब जीतना है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   23 March 2026 5:33 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story