अप्रैल-मई में न्यूजीलैंड के खिलाफ घरेलू व्हाइट-बॉल सीरीज, बांग्लादेश ने डेट और वेन्यू का ऐलान किया
ढाका, 16 मार्च (आईएएनएस)। बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) ने न्यूजीलैंड के आगामी व्हाइट-बॉल दौरे का पूरा शेड्यूल जारी कर दिया है। इस दौरे पर बांग्लादेश में तीन वनडे और उसके बाद इतने ही टी20 मुकाबलों की सीरीज खेली जाएगी।
मिचेल सैंटनर की कप्तानी वाली टीम के 13 अप्रैल को ढाका पहुंचने की उम्मीद है। दोनों देशों के बीच 17 और 20 अप्रैल को वनडे सीरीज के शुरुआती दो मैच खेले जाएंगे। ये दोनों ही मुकाबले मीरपुर के शेर-ए-बांग्ला नेशनल क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित होंगे, जबकि सीरीज का आखिरी मैच चट्टोग्राम के बीर श्रेष्ठ फ्लाइट लेफ्टिनेंट मतिउर रहमान स्टेडियम में 23 अप्रैल को खेला जाएगा। तीनों ही मैच डे-नाइट होंगे।
वनडे सीरीज के बाद दोनों टीमें तीन मुकाबलों की टी20 सीरीज खेलेंगी। शुरुआती दो मैच 27 अप्रैल और 29 अप्रैल को चट्टोग्राम में होंगे, जबकि अंतिम मैच 2 मई को मीरपुर में खेला जाएगा।
बांग्लादेश ने वनडे वर्ल्ड कप 2023 की शुरुआत से पहले न्यूजीलैंड के विरुद्ध अपने ही घर पर 3 मुकाबलों की वनडे सीरीज खेली थी, जिसमें उसे 0-2 से हार का सामना करना पड़ा। इस सीरीज का पहला मैच बेनतीजा रहा था।
बांग्लादेश और न्यूजीलैंड के बीच साल 1990 से अब तक कुल 46 वनडे मैच खेले गए हैं, जिसमें न्यूजीलैंड का पलड़ा भारी रहा। इस दौरान कीवी टीम ने 34 मैच अपने नाम किए, जबकि 11 मुकाबले बांग्लादेश ने जीते। इस बीच एक मैच बेनतीजा रहा।
दोनों देशों के बीच टी20 फॉर्मेट के आंकड़ों को देखें, तो इसमें भी न्यूजीलैंड का ही पलड़ा भारी रहा है। कीवी टीम ने अब तक 20 में से 15 मैच अपने नाम किए हैं, जबकि बांग्लादेश ने 4 मुकाबलों में जीत हासिल की। एक मैच बेनतीजा रहा।
बांग्लादेश-न्यूजीलैंड के बीच वनडे सीरीज का कार्यक्रम:
17 अप्रैल: पहला वनडे (ढाका)
20 अप्रैल: दूसरा वनडे, (ढाका)
23 अप्रैल: तीसरा वनडे, (चटगांव)
बांग्लादेश-न्यूजीलैंड के बीच टी20 सीरीज का कार्यक्रम:
27 अप्रैल: पहला टी20 मैच, (चटगांव)
29 अप्रैल: दूसरा टी20 मैच, (चटगांव)
2 मई: तीसरा टी20 मैच, (ढाका)
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   16 March 2026 6:31 PM IST












