आर्चरी वर्ल्ड कप साहिल जाधव ने गोल्ड पर लगाया निशाना

आर्चरी वर्ल्ड कप साहिल जाधव ने गोल्ड पर लगाया निशाना
साहिल जाधव ने शनिवार को आर्चरी वर्ल्ड कप 2026 स्टेज 2 में पुरुषों के व्यक्तिगत कंपाउंड प्रतियोगिता में ब्रॉन्ज मेडल जीता। यह उनके करियर का पहला वर्ल्ड कप मेडल भी है।

शंघाई, 9 मई (आईएएनएस)। साहिल जाधव ने शनिवार को आर्चरी वर्ल्ड कप 2026 स्टेज 2 में पुरुषों के व्यक्तिगत कंपाउंड प्रतियोगिता में ब्रॉन्ज मेडल जीता। यह उनके करियर का पहला वर्ल्ड कप मेडल भी है।

25 वर्षीय एथलीट ने ब्रॉन्ज मेडल मैच में डेनमार्क के मार्टिन डैम्सबो को 147-144 से हराया। पहला सेट 30-29 से हारने के बाद, साहिल ने अगले चार सेट जीतकर वापसी की और पोडियम पर अपनी जगह पक्की की। इससे पहले, आठवीं सीड वाले भारतीय ने क्वार्टर-फाइनल में 147 के स्कोर के साथ ऑस्ट्रिया के 2021 वर्ल्ड चैंपियन निको वीनर को शूट-ऑफ में बेहद कम अंतर से हराया था। उनका सफर सेमीफाइनल में खत्म हुआ, जहां मौजूदा वर्ल्ड चैंपियन फ्रांस के निकोलस गिरार्ड ने उन्हें 147-145 से हराया, जिससे साहिल ब्रॉन्ज मेडल मैच में हिस्सा लेने के लिए आगे बढ़े।

साहित ने अपने इस कैंपेन में तीसरे राउंड में भारतीय अनुभवी खिलाड़ी अभिषेक वर्मा को हराया, तो राउंड ऑफ 16 में जर्मनी के रुवेन फ्लस के खिलाफ 149-146 के अंतर से जीत दर्ज की। इस साल के शंघाई वर्ल्ड कप में कंपाउंड इवेंट्स में उनका ब्रॉन्ज मेडल भारत का एकमात्र मेडल रहा। पिछले साल भारत ने 5 इस इवेंट में पांच मेडल जीते थे। कुशल दलाल का सफर क्वार्टर-फाइनल में समाप्त हुआ, तो पूर्व वर्ल्ड चैंपियन ओजस देवताले राउंड ऑफ 16 में हराकर बाहर हुए। पिछले साल शंघाई में गोल्ड मेडल जीतने वाले भारत की पुरुषों की कंपाउंड टीम इस साल क्वार्टर-फाइनल तक का ही सफर तय कर सकी।

महिलाओं के कंपाउंड टीम इवेंट में भारत को क्वार्टर-फाइनल में तुर्किये के खिलाफ 233-227 से हार का सामना करना पड़ा। शंघाई की डिफेंडिंग चैंपियन मधुरा धमनगांवकर, यूएसए की टॉप सीड एलेक्सिस रुइज से राउंड ऑफ 32 में बाहर हो गईं। पूर्व वर्ल्ड चैंपियन अदिति स्वामी महिलाओं के व्यक्तिगत कंपाउंड इवेंट में भारत की ओर से सबसे बेहतरीन प्रदर्शन करने वाली खिलाड़ी रहीं, लेकिन क्वार्टर-फाइनल शूट-ऑफ में एस्टोनिया की लिसेल जाटमा से हार गईं। जाटमा ने इससे पहले भारत की लीडिंग कंपाउंड आर्चर ज्योति सुरेखा वेन्नम को राउंड ऑफ 16 में 148-147 से हराया था।

एलए ओलंपिक 2028 में डेब्यू करने जा रहे मिक्स्ड कंपाउंड टीम इवेंट में अदिति स्वामी और ओजस देवताले क्वार्टर-फाइनल में एलेक्सिस रुइज और जेम्स लुट्ज की अमेरिकी जोड़ी से हार गए। रविवार को रिकर्व इवेंट्स में भारत के पास अभी भी मेडल जीतने का मौका है। सिमरनजीत कौर महिलाओं के व्यक्तिगत सेमीफाइनल में पहुंच गई हैं, और भारतीय महिला रिकर्व टीम गोल्ड मेडल मैच में चीन से मुकाबला करेगी।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   9 May 2026 6:53 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story