एशियन गेम्स 2026 ब्रॉन्ज मेडल के लिए खेलेगी क्विंसी और इमरान बेग की जोड़ी, रेपचेज मैच में दर्ज की जीत
नागोया, 18 सितंबर (आईएएनएस)। भारत के क्विंसी जोआकिम डिसूजा और मोहम्मद अनस इमरान बेग ने शुक्रवार को मिक्स्ड डबल्स रेपचेज मैच जीतकर एशियन गेम्स 2026 में टेकबॉल के ब्रॉन्ज मेडल मैच में जगह बना ली है।
भारतीय जोड़ी ने रेपचेज मैच में फिलीपींस की जोड़ी जोआना अबुलेंसिया और प्रिंस ऑगस्टिन को 2-0 से हराकर ब्रॉन्ज मेडल मैच में प्रवेश किया है। उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए पहला सेट 12-3 और दूसरा सेट 12-6 से जीता। भारतीय जोड़ी रविवार को अपना ब्रॉन्ज मेडल मैच खेलेगी और अपने प्रतिद्वंद्वी का इंतजार करेगी। इससे पहले, वे वियतनाम की जोड़ी जिया न्घी ट्रिन्ह और होआंग मिन्ह टैन गुयेन से क्वार्टर फाइनल हार गए थे।
दोनों ने शानदार प्रदर्शन किया है और ग्रुप ए में तीसरे स्थान पर रहकर नॉकआउट में जगह बनाई। क्विंसी के लिए यह मेडल जीतने का एक और मौका होगा, क्योंकि इस डेब्यू करने वाली खिलाड़ी ने बेहतरीन प्रदर्शन जारी रखते हुए महिला सिंगल्स इवेंट के सेमीफाइनल में भी जगह बनाई है। क्विंसी ने ग्रुप ए के अपने पहले मैच में जापान की युइना सकामोटो को 10-11, 12-11, 13-11 से हराने के बाद कंबोडिया की कोएमयेन डीवाई को 12-9, 12-7 से हराया।
इस जीत के साथ, क्विंसी ने महिला सिंगल्स इवेंट के सेमीफाइनल के लिए सीधे क्वालीफाई कर लिया है, जो उनके एशियन गेम्स डेब्यू में एक बड़ी उपलब्धि है। सेमीफाइनल में उनका मुकाबला इंडोनेशिया की इमा सुमाया से होगा, जहां जीत उनका मेडल पक्का कर देगी।इससे पहले, डेक्लान मार्शल गोंसाल्वेस और मोहम्मद अनस इमरान बेग की भारतीय पुरुष डबल्स जोड़ी एशियन गेम्स में हिस्सा लेने वाले देश के पहले एथलीट बने।
गोंसाल्वेस और बेग पहले ही वर्ल्ड चैंपियनशिप में मेडल जीत चुके हैं। उन्होंने वियतनाम में 2024 संस्करण में पुरुष डबल्स में ब्रॉन्ज मेडल जीतकर इस खेल में भारत का पहला मेडल हासिल किया था। मगर यह जोड़ी अपने दोनों ग्रुप मैच हार गई। पहले वे वियतनाम के ट्रुओंग जियांग बा और एनह खोआ ले से 2-0 से हारे और फिर रिपब्लिक ऑफ कोरिया के जुनसुक ली और ताएबीन ली के खिलाफ भी उन्हें हार का सामना करना पड़ा।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   18 Sept 2026 7:13 PM IST












